अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पश्चिम मध्य रेलवे का प्रतिनिधित्व करेंगे अभिषेक शर्मा

क्षेत्रीय रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर बढ़ाया कारखाने का गौरव
भोपाल। निशातपुरा स्थित सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाने के कार्मिक विभाग में पदस्थ अवर लिपिक अभिषेक शर्मा अब रेलवे बोर्ड स्तर पर आयोजित होने वाली ‘अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-2026’ में पश्चिम मध्य रेलवे का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने क्षेत्रीय रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर यह उपलब्धि प्राप्त की है।
राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रसार को बढ़ावा देने तथा सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय द्वारा ‘अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता’ योजना संचालित की जा रही है।
इसी क्रम में पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय के निर्देश पर सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना, निशातपुरा में 20 जुलाई 2026 को कारखाना स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें 80 रेल कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में अभिषेक शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
इसके बाद 7 अगस्त 2026 को जबलपुर स्थित पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय में क्षेत्रीय रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें पश्चिम मध्य रेलवे की छह यूनिटों से 18 अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। तीन चरणों में हुई प्रतियोगिता में अभिषेक शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस सफलता के बाद अब वे रेलवे बोर्ड स्तर पर होने वाली अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पश्चिम मध्य रेलवे का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कारखाने में हुआ अभिनंदन
अभिषेक शर्मा की सफलता पर सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाने में खुशी का माहौल रहा। मुख्य कारखाना प्रबंधक प्रफुल्ल वी. कोहाड़े सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संपर्क राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी संदीप शर्मा की अध्यक्षता में स्वागत समारोह आयोजित कर अभिषेक शर्मा का पुष्पमाला पहनाकर अभिनंदन किया गया।
अभिषेक शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय राजभाषा अनुभाग से मिले मार्गदर्शन और सहयोग को दिया। संदीप शर्मा ने आगामी प्रतियोगिता के लिए उन्हें हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया और अन्य कर्मचारियों से भी इस उपलब्धि से प्रेरणा लेकर राजभाषा संबंधी गतिविधियों में भाग लेने की अपील की।





