भोपाल/सागर। मध्यप्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की नई आवासीय योजनाएं शहरों के सुनियोजित विकास और विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि मंडल आम नागरिकों के लिए किफायती दरों पर मकान और विकसित आवासीय प्लॉट उपलब्ध करा रहा है, जिससे मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के लोगों को अपना घर बनाने का अवसर मिलेगा।
सागर के धर्मश्री कॉलोनी स्थित संविधान चौक के पास आयोजित मंगल विहार धर्मश्री कॉलोनी के भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने परियोजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन ने की।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बुंदेलखंड में अधोसंरचना, सिंचाई, निवेश और शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। यह आवासीय परियोजना भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन ने बताया कि 14.27 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली इस कॉलोनी को 48.37 करोड़ रुपये की प्रशासनिक तथा 35.78 करोड़ रुपये की तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है। परियोजना को 18 माह में सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत 167 आवासीय भवन बनाए जाएंगे। इनमें 49 एमआईजी-ए, 54 एमआईजी-बी, 31 एलआईजी-ए और 33 ईडब्ल्यूएस-बी श्रेणी के मकान शामिल हैं। इसके अलावा 94 विकसित आवासीय प्लॉट भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनमें विभिन्न आय वर्गों के लिए प्लॉट निर्धारित किए गए हैं।
ओम जैन ने कहा कि यदि भविष्य में अतिरिक्त भूमि उपलब्ध होती है तो इसी प्रकार की आधुनिक और सुव्यवस्थित आवासीय कॉलोनियां भी विकसित की जाएंगी।
