State

6 सितंबर को भोपाल में परशुराम सेना की प्रदेश स्तरीय बैठक, नई कार्यकारिणी का होगा गठन

407 तहसीलों के पदाधिकारी होंगे शामिल, संगठन के विस्तार और आगामी रणनीति पर होगा मंथन

भोपाल। परशुराम सेना मध्यप्रदेश की प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक और नई कार्यकारिणी के गठन का आयोजन 6 सितंबर 2026 को भोपाल में किया जाएगा। बैठक की शुरुआत सुबह 10 बजे होगी। इसमें प्रदेश पदाधिकारियों के साथ सभी जिलों और तहसीलों के पदाधिकारी शामिल होंगे। संगठन के अनुसार प्रदेश की 407 तहसीलों के पदाधिकारियों की मौजूदगी के चलते बैठक संगठन के विस्तार और आगामी दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी।

बैठक का आयोजन लिंक रोड नंबर-3 स्थित सामाजिक न्याय विभाग के सभागार में किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता परशुराम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पंडित विष्णु राजोरिया करेंगे। बैठक में परशुराम सेना के संरक्षक पंडित राकेश चतुर्वेदी और प्रदेश अध्यक्ष अनूप शुक्ल सहित प्रदेश, जिला और तहसील स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

तीन साल के कामकाज की होगी समीक्षा

परशुराम सेना के संरक्षक पंडित राकेश चतुर्वेदी और प्रदेश अध्यक्ष अनूप शुक्ल ने बताया कि बैठक में पिछले तीन वर्षों के दौरान संगठन की ओर से किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही संगठन का प्रदेश के सभी जिलों, तहसीलों और गांवों तक विस्तार करने की रणनीति पर चर्चा होगी।

उन्होंने बताया कि संगठन का उद्देश्य समाज के लोगों तक पहुंचकर सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करना है। बैठक में जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए संगठन को अधिक प्रभावी बनाने और युवाओं को संगठन से जोड़कर सामाजिक गतिविधियों को गति देने पर भी विचार किया जाएगा।

अगले तीन साल के लिए नई टीम

बैठक में आगामी तीन वर्षों के लिए नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसके अलावा जिला और तहसील स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां देने और आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तय करने पर भी निर्णय लिया जाएगा।

पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पहुंचने की अपील

संगठन के पदाधिकारियों ने प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से 6 सितंबर को सुबह 10 बजे निर्धारित स्थान पर पहुंचकर बैठक में शामिल होने का आह्वान किया है। संगठन के अनुसार बैठक में लिए जाने वाले निर्णय आगामी वर्षों में परशुराम सेना के विस्तार, संगठनात्मक मजबूती और गतिविधियों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Related Articles