अमृत भारत स्टेशन योजना: भोपाल मंडल के चार स्टेशनों पर विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताएं, 403 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

भोपाल। भारतीय रेल की अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत भोपाल मंडल के शिवपुरी, अशोकनगर, साँची और विदिशा रेलवे स्टेशनों पर विद्यालय स्तरीय चित्रकला, निबंध लेखन एवं कविता लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय रेल, स्टेशन पुनर्विकास, स्वच्छता, विरासत संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के विषयों से जोड़ते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था।

चारों स्टेशनों पर आयोजित प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के 403 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रत्येक स्टेशन पर चित्रकला, निबंध और कविता लेखन की विभिन्न श्रेणियों में 9-9 प्रतिभागियों का चयन किया गया। इस प्रकार कुल 36 विद्यार्थियों को विजेता घोषित किया गया।

स्टेशनवार प्रतियोगिता का विवरण

शिवपुरी स्टेशन पर तीन विद्यालयों के 129 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में देशभक्ति आधारित नृत्य, रेलवे थीम पर नृत्य, सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

अशोकनगर स्टेशन पर तीन विद्यालयों के 99 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। यहां सरस्वती वंदना के साथ राजस्थानी, गुजराती और मालवा लोकनृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं।

साँची स्टेशन पर तीन विद्यालयों के 55 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में आदियोग थीम पर नृत्य, गणेश वंदना और एकल नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

विदिशा स्टेशन पर तीन विद्यालयों के 120 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इस अवसर पर देशभक्ति गीतों पर नृत्य, मराठी लोकनृत्य, शिव तांडव और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं।

भोपाल मंडल के अनुसार इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय रेल के विकास कार्यों और अमृत भारत स्टेशन योजना के उद्देश्यों से परिचित कराते हैं। रेलवे का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी में रेलवे के प्रति जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Exit mobile version