भोपाल में 40 हजार गैस उपभोक्ताओं ने नहीं कराई ई-केवाईसी, कनेक्शन प्रभावित होने का खतरा

भोपाल। राजधानी में करीब 4.5 लाख रसोई गैस उपभोक्ताओं में से लगभग 40 हजार उपभोक्ताओं ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। तेल कंपनियों ने ई-केवाईसी के लिए पहले 16 अगस्त की समयसीमा तय की थी, जिसे बढ़ाकर 23 अगस्त कर दिया गया था।

इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम की गैस एजेंसियों को रविवार तक समयसीमा आगे बढ़ाए जाने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली थी। ऐसे में यदि तारीख नहीं बढ़ाई जाती है तो ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन प्रभावित हो सकते हैं।

जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि सोमवार को इस संबंध में नई सूचना मिलने की संभावना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी अंतिम निर्णय का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी करा लें।

4.5 लाख उपभोक्ताओं में 40 हजार बाकी

भोपाल में करीब 4.5 लाख घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें से लगभग 40 हजार उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी लंबित बताई जा रही है। समयसीमा समाप्त होने के बाद इन उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

Exit mobile version