4 से 7 दिसंबर तक भोपाल में होगा इज्तिमा

भोपाल,15 अक्टूबर. राजधानी भोपाल के ईटखेड़ी में 4 से 7 दिसंबर तक इज्तिमा आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने अधिकारियों और इज्तिमा समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को तय समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में आईजी शैलेन्द्र सिंह चौहान, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
संभागायुक्त ने इज्तिमा में आने वाले लोगों की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देने को कहा। आईजी ने पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाने, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सहायता केंद्र भी बनाए जाएंगे। अधिकारियों को बिजली व्यवस्था की जांच, स्वयंसेवकों की सूची तैयार करने और स्थल का निरीक्षण करने को कहा गया। स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत रखने के साथ खाद्य पदार्थों और पेयजल की गुणवत्ता जांचने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन को सभी व्यवस्थाओं के लिए मिनट-टू-मिनट कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया, ताकि आयोजन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।





