
गांधीनगर और केवड़िया में प्रदर्शित करेंगे अनुशासन, देशभक्ति और उत्कृष्ट परेड कौशल
भोपाल। राष्ट्रीय एकता दिवस परेड–2025 में इस वर्ष मध्यप्रदेश पुलिस के 334 जवान प्रदेश का गौरव बढ़ाने जा रहे हैं। गुजरात राज्य के गांधीनगर और केवड़िया में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की परेड में यह दल अपने अदम्य उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा।
गांधीनगर से केवड़िया तक कठिन प्रशिक्षण और रिहर्सल जारी
21 सितंबर से 19 अक्टूबर 2025 तक मध्यप्रदेश पुलिस कॉन्टिजेंट ने गांधीनगर में रहकर गहन प्रशिक्षण और परेड अभ्यास किया। इसके बाद 20 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दल केवड़िया में रिहर्सल में संलग्न रहेगा।
कठिन परिस्थितियों और लंबे अभ्यास कार्यक्रमों के बावजूद जवानों ने अथक परिश्रम, एकजुटता और परेड अनुशासन के माध्यम से उत्कृष्ट तैयारी की है।
31 अक्टूबर को होगी मुख्य परेड एक भारत, श्रेष्ठ भारत का प्रतीक प्रदर्शन
31 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित परेड के दौरान मध्यप्रदेश पुलिस का यह कॉन्टिजेंट अपनी अनुशासित चाल, सटीक कमांड और तालमेल से सभी को प्रभावित करेगा। यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को समर्पित है।
महिला अधिकारी के नेतृत्व में आगे बढ़ेगा मध्यप्रदेश पुलिस दल
मध्यप्रदेश पुलिस कॉन्टिजेंट का नेतृत्व उपुअ अन्नपूर्णा सिरसाम परेड कमाण्डर के रूप में करेंगी। उनके साथ उपनिरीक्षक संजय चौहान एवं उपनिरीक्षक चंचल रोमड़े सहायक कमाण्डर के रूप में दायित्व निभाएंगे।
सहयोगी अधिकारियों में उपुअ निति दण्डोत्या, उपनिरीक्षक राजवीर विक्रम, और उपनिरीक्षक रितेश सिसौदिया शामिल हैं, जो दल के प्रशिक्षण और संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
प्लाटून और बैण्ड का उत्कृष्ट संयोजन
कॉन्टिजेंट में कुल प्लाटून संख्या 144 एवं बैण्ड बल 72 का संयोजन रहेगा। यह दल अपनी मार्चिंग, ड्रील मूवमेंट और बैण्ड प्रेजेंटेशन से परेड ग्राउंड पर अनुशासन और देशभक्ति का प्रदर्शन करेगा।
IPS धर्मराज मीना का मार्गदर्शन रहा अहम
इस पूरे आयोजन में नोडल अधिकारी आईपीएस धर्मराज मीना का मार्गदर्शन और सतत पर्यवेक्षण विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। उन्होंने समय-समय पर कॉन्टिजेंट का निरीक्षण किया, तैयारियों की समीक्षा की, और सभी लॉजिस्टिक, आवास एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का समुचित समन्वय सुनिश्चित किया।
मध्यप्रदेश पुलिस के लिए गर्व का अवसर
राष्ट्रीय एकता दिवस परेड–2025 में मध्यप्रदेश पुलिस का यह सहभाग राज्य की अनुशासित, दक्ष और समर्पित पुलिस छवि को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करेगा। इस अवसर पर राज्यभर के पुलिस कर्मियों और नागरिकों में गौरव और उत्साह का माहौल है।



