बीमार और घायल पशु को आसरा पशु चिकित्सालय पहुंचाया, 15 पशुओं को सड़कों से हटाया
भोपाल। नगर निगम ने शहर की सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले पशुओं को हटाने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान निगम के अमले ने 31 पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजा, जबकि एक बीमार या घायल पशु को आसरा पशु चिकित्सालय पहुंचाया। इसके अलावा 15 पशुओं को हांका पार्टी की मदद से सड़कों से हटाया गया।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर गोवर्धन परियोजना शाखा की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यह कार्रवाई की। निगम अमले ने गांधी नगर कांजी हाउस से 20 पशुओं को गोसाई बाबा नीलबड़ गौशाला भेजने की व्यवस्था भी की।
अभियान के तहत पलाश होटल, दशहरा मैदान, ताज होटल, माता मंदिर, कोलार रोड, शाहपुरा, चूना भट्टी, लिंक रोड नंबर-1, अटल भवन, एमपी नगर, बिट्टन मार्केट, छोला दशहरा मैदान, भानपुर मंडी, बैरागढ़, जंबूरी मैदान और अन्ना नगर सहित कई इलाकों में कार्रवाई की गई।
इसके अलावा खटलापुरा, रानी कमलापति, मालीखेड़ी और बैरागढ़ के विसर्जन घाटों के आसपास भी पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाया गया। नगर निगम के अनुसार, सड़कों पर खुले घूमने वाले पशुओं को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने और आम लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
