24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, प्रेमी की पत्नी की हत्या की साजिश रचने वाली महिला और उसका पुराना आशिक गिरफ्तार

भोपाल, 28 अगस्त। रातीबड़ पुलिस ने ग्राम गोरागांव में हुई महिला की हत्या का 24 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतिका की हत्या उसके पति की प्रेमिका ने अपने पुराने आशिक के साथ मिलकर की थी। आरोप है कि प्रेमिका को अपने प्रेमी की पत्नी का उसके साथ रहना पसंद नहीं था, इसलिए उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

पति के घर से निकलते ही रची साजिश

पुलिस के मुताबिक 23 अगस्त 2026 को मोनू रैकवार के काम पर जाने के बाद उसकी पत्नी राखी रैकवार घर पर थी। इसी दौरान मोनू की कथित प्रेमिका शशि रैकवार ने अपने पुराने आशिक नरेन्द्र रैकवार को घर बुलाया। आरोप है कि शशि ने राखी का मुंह दबाया और नरेन्द्र ने उसका गला दबाकर दुपट्टे से गले पर गांठ कस दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद दोनों ने शव को पास के एक खंडहर मकान में चादर से ढककर छिपा दिया। इसके बाद नरेन्द्र वहां से फरार हो गया।

गुमशुदगी के बाद मिला शव

24 अगस्त को मोनू रैकवार ने पत्नी राखी के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना पुलिस को दी थी। अपहरण की आशंका जताए जाने पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की और धारा 140(3) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध किया।

जांच के दौरान मोनू के घर के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचकर शव की पहचान राखी रैकवार के रूप में हुई। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर मामला हत्या का पाए जाने पर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।

चार टीमों ने शुरू की जांच

पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए चार अलग-अलग टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस ने आरोपी शशि रैकवार (23), निवासी गोरागांव, रातीबड़ को उसके घर से तथा नरेन्द्र रैकवार (27), निवासी इटारसी, नर्मदापुरम को इटारसी से पुलिस अभिरक्षा में लिया। दोनों से हत्या और साजिश के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार नरेन्द्र के खिलाफ पहले से इटारसी और छोला मंदिर थाने में मामले दर्ज हैं। वर्तमान मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 140(3), 103 और 238 BNS के तहत कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी रातीबड़ रासबिहारी शर्मा के नेतृत्व में गठित चार पुलिस टीमों और तकनीकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले के त्वरित खुलासे के लिए पुलिस टीम की सराहना की है।

Exit mobile version