भोपाल में सड़कों पर घूम रहे 23 पशु पकड़े, 4 बीमार पशु आसरा भेजे

नगर निगम ने चलाया अभियान, हांका पार्टी ने 15 पशुओं को सड़कों से हटाया
भोपाल, 9 अगस्त 2026। शहर की सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में घूमने वाले पशुओं के खिलाफ भोपाल नगर निगम ने कार्रवाई की। निगम की गोवर्धन परियोजना शाखा के अमले ने रविवार को अलग-अलग क्षेत्रों से 23 पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजा, जबकि बीमार और घायल 4 पशुओं को आसरा पशु चिकित्सालय भेजा गया। वहीं निगम की हांका पार्टी ने 15 पशुओं को सड़कों से हटाया।
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर की गई। निगम के अनुसार शहर में खुले में घूमने वाले पशुओं के कारण यातायात और आम लोगों की सुरक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
इन इलाकों में हुई कार्रवाई
नगर निगम की टीम ने टीटी नगर स्टेडियम क्षेत्र, अटल पथ, माता मंदिर, मिसरोद, नर्मदापुरम रोड, कटारा हिल्स, गुलमोहर कॉलोनी, ओरामाल, सेवाय कॉम्प्लेक्स, बैरागढ़, लालघाटी, कोलार रोड, चूना भट्टी, लिंक रोड नंबर 1, 2 और 3 तथा नेहरू नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया।
टीम ने सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वतंत्र विचरण कर रहे पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजा। वहीं बीमार और घायल पशुओं को उपचार के लिए आसरा पशु चिकित्सालय पहुंचाया गया।
नगर निगम ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर खुले में घूमने वाले पशुओं को हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





