भोपाल में आज से दौड़ेंगी 10 नई ई-बसें, 30 हुई इलेक्ट्रिक बसों की संख्या

भोपाल। राजधानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सोमवार से 10 नई इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतरेंगी। नई बसों के संचालन के साथ शहर में ई-बसों की संख्या 20 से बढ़कर 30 हो जाएगी। इससे यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा और बेहतर मिलने की उम्मीद है।
नई ई-बसें बैरागढ़, कोलार रोड, बावड़ियाकलां, एमपी नगर और आईएसबीटी सहित शहर के प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ेंगी। बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को करीब 10 से 15 मिनट के अंतराल में बस उपलब्ध होने की उम्मीद है।
वर्तमान में भोपाल में रोजाना करीब 10 से 12 हजार यात्री ई-बसों से सफर करते हैं। ई-बसों का किराया 6 से 40 रुपए के बीच है। नई बसों के संचालन से यात्रियों की सुविधा के साथ शहर में सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
ई-बसों में दिव्यांग यात्रियों के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं। बसों में हाइड्रोलिक डोर के साथ व्हीलचेयर और ट्राइसिकल रखने के लिए अलग जगह की व्यवस्था की गई है। इससे दिव्यांग यात्रियों के लिए सफर अधिक सुविधाजनक होगा।





