State

हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में 7 से 14 सितंबर तक हिंदी सप्ताह का आयोजन

निबंध, वाद-विवाद, कविता पाठ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी

भोपाल। हिंदी दिवस के अवसर पर विद्या भवन रूरल इंस्टीट्यूट के हिंदी विभाग, राजस्थान साहित्य अकादमी उदयपुर और साहित्य सरोवर साहित्यिक मंच के संयुक्त तत्वावधान में 7 से 14 सितंबर तक हिंदी सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ हिंदी के प्रति प्रेम, सम्मान और जागरूकता पैदा करना है।

हिंदी सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान, निबंध लेखन, वाद-विवाद, कविता पाठ और आशुभाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी में अपनी रचनात्मक प्रतिभा और विचारों को व्यक्त करने का अवसर मिलेगा।

आयोजन के तहत विस्तार व्याख्यान भी होगा। इसके मुख्य वक्ता वरिष्ठ साहित्यकार एवं इतिहासकार डॉ. श्रीकृष्ण जुगनू होंगे। वहीं 14 सितंबर को हिंदी दिवस और हिंदी सप्ताह के समापन समारोह के साथ पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

समापन समारोह में डॉ. बाल गोपाल शर्मा, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, फलासिया, उदयपुर मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्या भवन रूरल इंस्टीट्यूट की निदेशक प्रो. कनिका शर्मा करेंगी।

कार्यक्रम में राजस्थान साहित्य अकादमी के सचिव डॉ. वसंत सिंह सोलंकी, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सरस्वती जोशी, कार्यक्रम संयोजक एवं हिंदी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. निर्मला शर्मा सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य शामिल होंगे।

गौरतलब है कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को देवनागरी लिपि में संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में हर वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. निर्मला शर्मा ने बताया कि यह आयोजन हिंदी को केवल एक विषय के रूप में नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संवेदना और अभिव्यक्ति की सशक्त भाषा के रूप में विद्यार्थियों से जोड़ने की पहल है।

Related Articles