भगवान शिव का महाभिषेक कर, मंत्री राजपूत ने मांगा प्रदेश की खुशहाली का आशीर्वाद, दिव्यांग बच्चों के साथ भोजन कर बांटी खुशियां*
*शहर की गलियों से चैराहों तक दिखा जन्मदिन का उत्साह*
भोपाल। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का जन्मदिन इस बार सागर शहर और सुरखी विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह, आत्मीयता और जनसेवा के भाव के साथ मनाया गया। जन्मदिन के अवसर पर पूरा शहर मंत्री श्री राजपूत को जन्मदिन की बधाई देने वाले होर्डिंग, बैनर और शुभकामना संदेशों से सजा नजर आया। शहर के प्रमुख मार्गों, चैराहों और सार्वजनिक स्थानों पर हजारों की संख्या में लगाए गए होर्डिंग्स ने जन्मदिन के उत्सव को भव्य रूप दे दिया।
सुबह से ही मंत्री श्री राजपूत को शुभकामनाएं देने के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक, इष्ट-मित्र, शुभचिंतक, माताएं-बहनें, युवा एवं क्षेत्रवासी अलग-अलग स्थानों पर पहुंचे और मंत्री श्री राजपूत को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की। चारों ओर उत्साह, उमंग और आत्मीयता का माहौल दिखाई दिया।
*धार्मिक आस्था के साथ हुई दिन की शुरुआत :*
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने जन्मदिन की शुरुआत प्रातः 11 बजे निज निवास पर पूजा-अर्चना एवं गौसेवा के साथ की। उन्होंने ईश्वर से प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।दोपहर 12 बजे मंत्री श्री राजपूत भूतेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान भूतेश्वर महादेव का विधि-विधान से महाभिषेक किया। भगवान भोलेनाथ को 56 भोग अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंत्री श्री राजपूत ने विधानसभा क्षेत्र सुरखी एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर विकास की कामना करते हुए भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
*बीएमसी के पूर्व छात्रों ने किया आत्मीय स्वागत :*
दीनदयाल चैराहे पर बीएमसी के पूर्व छात्र भीमसेन यादव एवं उनकी मित्र मंडली ने मंत्री श्री राजपूत का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर केक काटकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की।
*होटल रॉयल पैलेस में उमड़ा शुभचिंतकों का सैलाब :*
दोपहर से शाम तक होटल रॉयल पैलेस में मंत्री श्री राजपूत ने कार्यकर्ताओं, इष्ट-मित्रों एवं शुभचिंतकों से मुलाकात की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। हर चेहरे पर उत्साह और हर जुबान पर जन्मदिन की बधाई नजर आई।होटल रॉयल पैलेस में मंत्री श्री राजपूत ने दृष्टिबाधित एवं दिव्यांग बच्चों के साथ स्नेहपूर्वक भोजन किया। उन्होंने बच्चों को पुरस्कार एवं उपहार वितरित किए और उनके साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि समाज के हर वर्ग के चेहरे पर मुस्कान लाना ही जन्मदिन मनाने की वास्तविक सार्थकता है।
प्रजापति समाज ने 63 मटकियों में दही-दूध भरकर विषेष रूप से दी शुभकामनाएं
अपने नेता के जन्मदिन की खुशी को उनके समर्थकों व चाहने वालों ने अपने-अपने अंदाज में मनाया। प्रजापति समाज द्वारा मंत्री श्री राजपूत के जन्मदिन पर 63 मटकों में दूध-दही, मक्खन आदि भरकर पूरी समाज के लोग पहुंचे जहां उन्होंने मंत्री श्री राजपूत को अपने विशेष अंदाज में शुभकामनाएं दी। कई समर्थकों और शुभचिंतकों ने अपने-अपने अलग अंदाज में शुभकामनाएं देकर जन्मदिन मनाया। जो लोग प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित नहीं हो पाये उन्होंने अपने क्षेत्र में अपने साथियों के साथ मंत्री श्री राजपूत को जन्मदिन मनाया।
*युवाओं के बीच मटकी फोड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ :*
युवा शक्ति संगठन द्वारा आयोजित भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का मंत्री श्री राजपूत ने शुभारंभ किया। युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया और मंत्री श्री राजपूत को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में युवाओं का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था।
*जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत, हर तरफ दिखा मंत्री राजपूत के प्रति स्नेह :*
होटल रॉयल पैलेस से निज निवास के लिए रवाना होते समय मोतीनगर चैराहे पर भाजपा नेता नेवी जैन, छुट्टन तिवारी एवं उनकी मित्र मंडली द्वारा मंत्री श्री राजपूत का भव्य स्वागत किया गया। यहां केक काटकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। पद्माकर सभागार में हिमांशु घोषी एवं उनकी मित्र मंडली द्वारा मंत्री श्री राजपूत का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर केक काटकर जन्मदिन की बधाई दी गई तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के जन्मदिन पर सागर शहर का नजारा विशेष रहा। शहर के प्रमुख चैराहों और मार्गों पर हजारों की संख्या में लगे जन्मदिन की शुभकामनाओं के होर्डिंग्स लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। सुबह से ही इन होर्डिंग्स के बीच से गुजरते लोगों को हर तरफ मंत्री श्री राजपूत को जन्मदिन की बधाई देते संदेश दिखाई दिए।
वहीं दूसरी ओर, दिनभर अलग-अलग स्थानों पर हजारों लोगों की मौजूदगी और लगातार मिल रही शुभकामनाओं ने जन्मदिन के आयोजन को जनउत्सव का स्वरूप दे दिया। कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। कई स्थानों पर लोगों ने केक काटकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर और आत्मीय स्वागत कर मंत्री श्री राजपूत को शुभकामनाएं दीं।
*मोदी के नेतृत्व और डॉ. मोहन यादव के सुशासन में विकास को आगे बढ़ाना हमारा संकल्प: गोविंद सिंह राजपूत*
जन्मदिन के अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रदेश एवं क्षेत्र की जनता, कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों, इष्ट-मित्रों तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से शुभकामनाएं देने वाले सभी लोगों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास, जनकल्याण और सुशासन की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
श्री राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र की जनता उनके लिए केवल मतदाता नहीं, बल्कि उनका अपना परिवार है। क्षेत्र की जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। जन्मदिन के अवसर पर जिस आत्मीयता और प्रेम के साथ हजारों लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं, उसके लिए वे सभी के हृदय से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने तथा सुरखी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
*जनता के नाम मंत्री श्री राजपूत का संदेश :*
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि, मेरे जन्मदिन के अवसर पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से मुझे शुभकामनाएं देने वाले सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं, माताओं-बहनों, युवाओं, बुजुर्गों, इष्ट-मित्रों एवं समस्त क्षेत्रवासियों का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। आप सभी का प्रेम, स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए ईश्वर के आशीर्वाद के समान है।
उन्होंने कहा कि आपका यह विश्वास और स्नेह मुझे जनसेवा के पथ पर और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। मेरा संकल्प है कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र सहित प्रदेश की जनता के हित में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करता रहूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चल रहे विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देता रहूंगा। आप सभी का स्नेह और आशीर्वाद इसी प्रकार सदैव बना रहे, यही मेरी जन्मदिन पर आप सभी से कामना है। एक बार पुनः हृदय की गहराइयों से आप सभी का धन्यवाद एवं आभार।
