छह विधानसभा क्षेत्रों में अचानक जांच, सभी सील दुकानें बंद मिलीं
भोपाल। नगर निगम की ओर से सील की गई दुकानों के दोबारा खुलने की सूचना के बाद बुधवार को शहर की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में अचानक जांच कराई गई। निगम के उपायुक्त भुवन गुप्ता के अनुसार अधिकारियों ने कुल 290 सील दुकानों को मौके पर जाकर जांचा। जांच के दौरान सभी दुकानें बंद मिलीं और किसी भी दुकान का सील तोड़कर दोबारा संचालन किए जाने की स्थिति सामने नहीं आई।
निगम अधिकारियों के अनुसार आवासीय कॉलोनियों और भवनों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इस मामले में निगम अब तक 8 हजार से अधिक नोटिस जारी कर चुका है।
हाईकोर्ट में जवाब के बाद तय होगी अगली कार्रवाई
आवासीय भवनों में संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ सीलिंग कार्रवाई को लेकर नगर निगम फिलहाल उच्च न्यायालय में जवाब पेश करने की तैयारी कर रहा है। इसी वजह से नई सीलिंग कार्रवाई फिलहाल रुकी हुई है।
बुधवार को हुई दोबारा जांच के बाद निगम अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। अब तक सील की गई 290 दुकानों में से किसी में भी सील तोड़कर कारोबार शुरू करने की पुष्टि नहीं हुई है।
निगम की जांच के बाद अब सभी की नजरें हाईकोर्ट में निगम की ओर से पेश किए जाने वाले जवाब पर हैं। कोर्ट के निर्देश के बाद ही आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की दिशा स्पष्ट होगी।
