सिवनी में 1.08 करोड़ की डकैती का 24 घंटे में खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार

320 ग्राम सोना और 26 किलो चांदी समेत 1.11 करोड़ से अधिक की संपत्ति बरामद, 200 CCTV फुटेज खंगाले
सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में नेशनल हाईवे-44 पर आभूषण व्यवसायी से हुई एक करोड़ रुपये से अधिक की डकैती का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 320 ग्राम सोना, 26 किलोग्राम चांदी, नकदी, दो मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 11 लाख रुपये है।
आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लूट
घटना 3 सितंबर की शाम बंडोल थाना क्षेत्र के ग्राम भोंगाखेड़ा स्थित गीता वेयर हाउस के सामने हुई थी। आभूषण व्यवसायी को बाइक सवार आरोपियों ने ओवरटेक कर रोका। इसके बाद उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर नीचे गिरा दिया और चाकू दिखाकर उसके पास रखे करीब 26 किलो चांदी, 320 ग्राम सोने के जेवर और नकदी लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बंडोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
10 टीमों ने 200 से अधिक CCTV खंगाले
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में 10 विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने सिवनी, नागपुर, जबलपुर, कुरई, छपारा और लखनादौन सहित कई क्षेत्रों में आरोपियों की तलाश की।
जांच के दौरान 200 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और मैदानी जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया 320 ग्राम सोना और 26 किलो चांदी समेत घटना में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस के मुताबिक बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 11 लाख रुपये है।
मध्यप्रदेश पुलिस के अनुसार गंभीर और संगठित अपराधों के खिलाफ तकनीक आधारित जांच और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा और लूटे गए माल की बरामदगी को प्राथमिकता दी जा रही है।





