State

सिद्धांता रेडक्रॉस और सृष्टि हॉस्पिटल का निलंबन, स्टॉप पेमेंट के निर्देश

आयुष्मान योजना में अनियमितता पर भोपाल के दो अस्पतालों पर कार्रवाई

भोपाल, 7 सितंबर 2026। आयुष्माn भारत निरामयम् योजना के तहत अस्पतालों में मिली अनियमितताओं के मामले में राज्य स्वास्थ्य एजेंसी, मध्यप्रदेश ने भोपाल के दो अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ), भोपाल की जांच रिपोर्ट और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर सिद्धांता रेडक्रॉस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और सृष्टि हॉस्पिटल को योजना से निलंबित कर दिया गया है। दोनों अस्पतालों का स्टॉप पेमेंट भी किया गया है।

राज्य स्वास्थ्य एजेंसी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद शाह ने बताया कि सीएमएचओ, भोपाल से प्राप्त जांच रिपोर्ट और संबंधित अभिलेखों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

सिद्धांता रेडक्रॉस अस्पताल के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई

सिद्धांता रेडक्रॉस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के संबंध में सीएमएचओ, भोपाल की ओर से अस्पताल के पंजीयन और अनुज्ञप्ति निरस्तीकरण को लेकर प्रतिवेदन दिया गया था। अस्पताल के खिलाफ पहले प्राप्त शिकायतों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आयुष्मान योजना के तहत कार्रवाई की गई है।

सृष्टि हॉस्पिटल भी योजना से निलंबित

इसी तरह सृष्टि हॉस्पिटल, भोपाल के संबंध में सीएमएचओ द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर अस्पताल को आयुष्मान भारत निरामयम् योजना से निलंबित किया गया है। इसके साथ ही अस्पताल का स्टॉप पेमेंट भी किया गया है।

अनियमितताओं पर आगे भी होगी कार्रवाई

सीईओ अरविंद शाह ने कहा कि आयुष्मान भारत निरामयम् योजना के प्रावधानों का उल्लंघन या किसी भी तरह की अनियमितता को गंभीरता से लिया जा रहा है। पात्र हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध उपचार उपलब्ध कराना राज्य स्वास्थ्य एजेंसी की प्राथमिकता है। शिकायतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles