State

सिकंदराबाद में 20 सरकारी दुकानों की नीलामी, 7 लाख की दुकान के लिए 13 लाख की बोली

भोपाल। फंदा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत सिकंदराबाद में 20 शासकीय दुकानों की खुली नीलामी कराई गई। 16 अक्टूबर को सामुदायिक भवन में हुई नीलामी में ग्रामीण व्यापारियों ने भाग लिया। दुकान का निर्धारित मूल्य 7 लाख रुपये रखा गया था, जबकि दुकान नंबर 20 के लिए अजब सिंह मारण ने सबसे ऊंची 13 लाख रुपये की बोली लगाई।

नीलामी मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवानी मिश्रा, हुजूर तहसीलदार प्रेम प्रकाश गोस्वामी और ग्राम पंचायत के सरपंच राजेश मारण की उपस्थिति में हुई।

ग्रामीणों को रोजगार के अवसर देने की पहल

सीईओ शिवानी मिश्रा ने बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार और व्यापार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से स्थायी दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। दुकानों का आवंटन खुली नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से किया गया, ताकि इच्छुक व्यापारी इसमें भाग ले सकें।

नीलामी के दौरान अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रक्रिया की निगरानी की। इसमें जनपद पंचायत के अधिकारी दिलीप कुमार शिंदे, राकेश कश्यप और सतीश चौरसिया, रातीबड़ के सरपंच अजय राजोरिया, उपसरपंच जीवन सिंह तथा पंचायत सचिव दीपक श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

नीलामी में बड़ी संख्या में ग्रामीण व्यापारी शामिल हुए। पंचायत को उम्मीद है कि दुकानों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर कारोबार को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

Related Articles