बंडा-शाहगढ़ में मौतों के बाद आबकारी टीमें मैदान में, जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
सागर/भोपाल। सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र में शराब पीने से कुछ लोगों की मौत की घटना के बाद मध्यप्रदेश सरकार एक्शन में आ गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन और आबकारी विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जांच में जुट गई हैं।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि उन्होंने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मामले की विस्तृत जानकारी ली है। उन्होंने बताया कि आबकारी आयुक्त भी मौके पर पहुंच रहे हैं। मंत्री ने कहा कि घटना के पीछे जो भी व्यक्ति जिम्मेदार होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
घर-घर स्क्रीनिंग से शराब नेटवर्क की जांच
घटना के बाद सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान शुरू किया है। फील्ड में उतरी टीमें घर-घर स्क्रीनिंग कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कहीं अवैध शराब का नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। इसके साथ ही शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री से जुड़े संभावित ठिकानों की भी जांच की जा रही है।
‘गोल्ड’ शराब की बिक्री पर प्रतिबंध
सागर में हुई घटना के बाद ‘सागर गोल्ड’ शराब को जबलपुर में प्रतिबंधित किए जाने की जानकारी सामने आई है। सहायक आबकारी आयुक्त संजीव कुमार दुबे ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। प्रशासन शराब के नमूनों और संबंधित सप्लाई नेटवर्क की भी जांच कर रहा है।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। उन्होंने घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
L
