सड़क का पानी दीनदयाल रसोई में घुसा, निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल

भोपाल। नगर निगम के वार्ड-35 स्थित दीनदयाल रसोई, शाहजहांनी पार्क में सड़क का पानी भरने से गंदगी की स्थिति बन गई है। रसोई परिसर में पानी घुसने के कारण यहां भोजन बनाने और लोगों को भोजन परोसने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव ने नगर निगम की नालियों और नाला सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बारिश पूर्व सफाई के दावों की खुली पोल

स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी शहर में इतनी तेज बारिश भी नहीं हुई है कि नाले और नालियां पूरी तरह भर जाएं। इसके बावजूद सड़क का पानी रसोई तक पहुंच गया। इससे साफ है कि बारिश से पहले नालियों और जल निकासी व्यवस्था की पर्याप्त सफाई नहीं की गई।

नगर निगम हर साल मानसून से पहले बड़े स्तर पर नाला-नाली सफाई के दावे करता है, लेकिन बारिश शुरू होते ही शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या सामने आने लगती है। शाहजहांनी पार्क की दीनदयाल रसोई में पानी भरना भी इन्हीं दावों की हकीकत सामने ला रहा है।

निचले इलाकों में भी जलभराव

शहर के कई निचले इलाकों में भी सड़क और घरों के आसपास पानी भरने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कुछ क्षेत्रों में हालात ऐसे हो गए हैं कि रात के समय लोगों को घरों में रहने तक की जगह नहीं मिल रही। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से तत्काल नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

Exit mobile version