State

संभावित रेल हादसा टालने वाले दो रेलकर्मियों को पुरस्कार

महाप्रबंधक ने भोपाल मंडल के कर्मचारियों को किया सम्मानित

भोपाल। ड्यूटी के दौरान सतर्कता और त्वरित कार्रवाई कर संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने में अहम भूमिका निभाने वाले भोपाल मंडल के दो रेलकर्मियों को ‘उत्कृष्ट संरक्षा जागरूकता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने अगस्त 2026 में बेहतर संरक्षा कार्य के लिए दोनों कर्मचारियों को यह पुरस्कार प्रदान किया।

पुरस्कार पाने वालों में दुर्गा प्रसाद, टेक्नीशियन-I, सी एंड डब्ल्यू/इटारसी और सुनिक कुमार, पॉइंट्समैन, ओबेदुल्लागंज शामिल हैं।

समय रहते खामियां पकड़कर बचाया हादसा

रेल कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान कई गंभीर तकनीकी खामियों को समय रहते पहचान लिया और आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई कराई। दुर्गा प्रसाद ने हॉट एक्सल, वैगन में टूटे फ्लोर पेंच और चिंगारी जैसी खामियों को पहचाना। वहीं सुनिक कुमार ने ब्रेक वैन के टूटे सेंटर पिवेट गाइड और रेल वेल्ड फेलियर जैसी गंभीर समस्या पर समय रहते ध्यान दिया।

इन कर्मचारियों की सतर्कता के कारण संभावित दुर्घटना को टाला जा सका और रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने में मदद मिली।

छोटी असामान्यता पर भी तुरंत कार्रवाई जरूरी

भोपाल मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों रेलकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि रेल संरक्षा केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है। ड्यूटी के दौरान छोटी से छोटी असामान्यता को पहचानना और उस पर समय रहते कार्रवाई करना भी संरक्षा का अहम हिस्सा है।

अधिकारियों ने कहा कि दोनों कर्मचारियों की सजगता और कर्तव्यनिष्ठा अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणादायक है। पश्चिम मध्य रेल में सुरक्षित और भरोसेमंद रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उत्कृष्ट संरक्षा कार्य करने वाले कर्मचारियों को आगे भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

Related Articles