गलत जानकारी देने और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं मिलने पर कृषि विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी
भोपाल, 31 अगस्त। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने सोमवार को संभाग के जिलों में चल रहे विकास कार्यों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। इस दौरान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा में सही जानकारी नहीं देने और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं मिलने पर संभागायुक्त ने नाराजगी जताई।
उन्होंने संयुक्त संचालक कृषि सहित संबंधित अधीनस्थ अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं की प्रगति छिपाने या गलत जानकारी देने के बजाय जमीनी स्थिति की सही जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों के सामने रखी जाए। साथ ही तय समय-सीमा में लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
खाद से लेकर आवास तक समय-सीमा तय
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने खाद वितरण और ई-टोकन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कस्टम हायरिंग सेंटरों में किसानों के लिए अधिक से अधिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराने को भी कहा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित आवासों को तत्काल स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत सितंबर तक 50 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने को कहा गया।
दिसंबर तक शत-प्रतिशत वित्त पोषण का लक्ष्य
संभागायुक्त ने हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा करते हुए दिसंबर तक शत-प्रतिशत वित्त पोषण का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
