महापौर ने सोमवार से नाला निर्माण शुरू करने के दिए निर्देश, कलेक्टर ने कॉलोनी समस्याओं के लिए ‘कॉलोनी सेल’ की जानकारी दी
भोपाल, 29 अगस्त। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत शनिवार को शाहपुरा के वार्ड-51 के सी-सेक्टर में जन-कल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाया। नागरिकों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों के आवेदन भी अधिकारियों को दिए।
शिविर में महापौर मालती राय, पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, स्थानीय पार्षद, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल पर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनके आवेदनों का निराकरण किया गया।
सोमवार से शुरू होगा नाला निर्माण
स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में नाला निर्माण की मांग महापौर के सामने रखी। महापौर मालती राय ने संबंधित अधिकारियों को नाला निर्माण का काम आगामी सोमवार से शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन से कहा कि जिन विकास कार्यों के कार्यादेश जारी हो चुके हैं, उन्हें तेजी से शुरू कराकर समय पर पूरा कराया जाए।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुसार जनविश्वास अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। साथ ही स्थानीय स्तर की समस्याओं का समाधान कर विकास कार्यों को गति देना भी अभियान की प्राथमिकता है।
कॉलोनी की समस्याओं के लिए बनेगा समाधान का रास्ता
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि जनविश्वास अभियान के माध्यम से पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी और आसान तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कॉलोनियों से जुड़ी समस्याओं के जल्द समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में ‘कॉलोनी सेल’ गठित किया गया है।
कलेक्टर ने नागरिकों से अपनी कॉलोनियों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए के माध्यम से कॉलोनी की समस्याओं को एक साथ संबंधित विभागों के सामने रखा जा सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।
संस्थानों का औचक निरीक्षण
शिविर के बाद कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शाहपुरा क्षेत्र में कई सरकारी संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र, बाबा नगर स्थित नगर निगम ट्रांसफर स्टेशन, शासकीय प्राथमिक शाला छावनी शाहपुरा, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक और एकता महिला प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार का निरीक्षण किया।
उपभोक्ता भंडार में निरीक्षण के दौरान गंभीर अव्यवस्थाएं और अनियमितताएं मिलीं। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और सहायक आपूर्ति अधिकारी वसुंधरा पेंडो तथा वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक सपना गुहा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से अनियमितताओं के संबंध में जवाब मांगा जाएगा।
