State

विधायक सबनानी ने अर्जुन नगर का किया निरीक्षण

सड़क, नाली, बिजली और सफाई की समस्याओं का स्थायी समाधान करने के अधिकारियों को दिए निर्देश

भोपाल, 29 अगस्त। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी ने शनिवार को वार्ड-46 स्थित अर्जुन नगर का अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए।

विधायक सबनानी पीएचई, नगर निगम और एमपीईबी के अधिकारियों के साथ अर्जुन नगर पहुंचे। रहवासियों ने क्षेत्र में नाली और सड़क की समस्याओं के साथ बिजली व्यवस्था तथा साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतें भी विधायक के सामने रखीं।

सबनानी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का केवल अस्थायी समाधान करने के बजाय उनका स्थायी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से समस्याओं के समाधान के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। सड़क, नाली, बिजली और स्वच्छता से संबंधित समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष प्रियेश उपाध्याय, नंदू सनानसे, हरिओम गिरी सहित भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles