वरिष्ठ सवारी गाड़ी प्रबंधक की तत्परता से बची यात्री की जान, ट्रेन रोककर घायल को सुरक्षित निकाला

भोपाल। भोपाल मंडल के वरिष्ठ सवारी गाड़ी प्रबंधक नमन पाठक की तत्परता और सूझबूझ से खंडवा रेलवे स्टेशन पर एक गंभीर हादसा टल गया। ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरे एक व्यक्ति को समय रहते सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया।
घटना 27 अगस्त, गुरुवार की है। गाड़ी संख्या 17605 काचीगुडा-भगत की कोठी एक्सप्रेस खंडवा स्टेशन पर निर्धारित ठहराव के बाद रवाना हो रही थी। ट्रेन का स्टेशन पर आगमन शाम 5:53 बजे और निर्धारित प्रस्थान समय 6:05 बजे था। प्रस्थान के दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और आरपीएफ स्टाफ ने वरिष्ठ सवारी गाड़ी प्रबंधक नमन पाठक को सूचना दी कि एक व्यक्ति ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया है।
सूचना मिलते ही पाठक ने बिना देर किए प्रेशर ड्रॉप की प्रक्रिया के माध्यम से ट्रेन को रुकवाया। इसके बाद आरपीएफ स्टाफ और अन्य रेलवे कर्मचारियों की मदद से घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला गया और आवश्यक उपचार के लिए भेजा गया।
घटना की जानकारी तत्काल संबंधित रेलवे अधिकारियों को दी गई। वरिष्ठ सवारी गाड़ी प्रबंधक की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और मानवीय संवेदनशीलता से घायल को समय पर मदद मिल सकी। रेलवे के अनुसार, यह घटना यात्री सुरक्षा के प्रति कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा और भारतीय रेल की प्रतिबद्धता का उदाहरण है।





