राष्ट्रभाव और अनुशासन का संदेश लेकर निकला आरएसएस का पथ संचलन
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के रामेश्वरम नगर की भगवती बस्ती द्वारा रविवार को पथ संचलन निकाला गया। पूर्ण गणवेश में शामिल स्वयंसेवकों ने अनुशासित कदमताल करते हुए विभिन्न कॉलोनियों और प्रमुख मार्गों से संचलन किया। आयोजन में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, संगठनात्मक एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
पथ संचलन की शुरुआत सेंचुरियन स्काई से हुई। इसके बाद स्वयंसेवक संत आसाराम नगर फेस-3, भगवती बस्ती, अमलतास, स्वर्ण कुंज, पार्क सिटी और नंद बिहार मेन रोड से होते हुए आगे बढ़े। संचलन का समापन कटारा गांव स्थित श्रीराम मंदिर में हुआ।
संघ की परंपरा में पथ संचलन को स्वयंसेवकों में अनुशासन, समयबद्धता, सामूहिकता और कर्तव्यबोध विकसित करने वाली गतिविधि माना जाता है। संघ की दैनिक शाखाओं में शारीरिक अभ्यास, सामूहिक गतिविधियों और बौद्धिक चर्चा के माध्यम से स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व विकास पर जोर दिया जाता है।
आयोजन के माध्यम से राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध, सामाजिक सद्भाव और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को रेखांकित किया गया। विभिन्न आवासीय क्षेत्रों से गुजरे पथ संचलन में स्वयंसेवकों की सहभागिता और संगठनात्मक एकरूपता देखने को मिली।
