रानी कमलापति–अगरतला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन अब होगी नियमित

22 अक्टूबर से हर गुरुवार चलेगी ट्रेन, त्रिपुरा के लिए भोपाल से सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी
भोपाल। रेल यात्रियों की बढ़ती मांग और बेहतर कनेक्टिविटी को देखते हुए रेलवे ने रानी कमलापति–अगरतला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित ट्रेन के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। अब ट्रेन संख्या 01665/01666 को बदलकर 11665/11666 रानी कमलापति–अगरतला–रानी कमलापति साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में चलाया जाएगा।
ट्रेन संख्या 11665 रानी कमलापति–अगरतला साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन 22 अक्टूबर 2026 से प्रत्येक गुरुवार को रानी कमलापति स्टेशन से शुरू होगा। वहीं ट्रेन संख्या 11666 अगरतला–रानी कमलापति साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन 25 अक्टूबर 2026 से प्रत्येक रविवार को अगरतला से किया जाएगा।
मध्य प्रदेश से पूर्वोत्तर तक सीधी कनेक्टिविटी
यह ट्रेन रानी कमलापति से चलकर नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, माणिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, नौगछिया, कटिहार, किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी, न्यू कूचबिहार, न्यू अलीपुरद्वार, न्यू बोंगाईगांव, रंगिया, गुवाहाटी, छपारमुख, न्यू हाफलोंग, बदरपुर जंक्शन, न्यू करीमगंज, धर्मनगर, कुमारघाट, अंबासा और तेलियामुरा होते हुए अगरतला पहुंचेगी।
नियमित संचालन शुरू होने से मध्य प्रदेश की त्रिपुरा और पूर्वोत्तर भारत से सीधी रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए नियमित रेल सेवा का विकल्प मिलेगा।
22 कोच की होगी ट्रेन
रानी कमलापति–अगरतला साप्ताहिक एक्सप्रेस में कुल 22 कोच होंगे। इनमें 8 स्लीपर, 2 सेकेंड एसी, 1 थर्ड एसी इकोनॉमी, 5 थर्ड एसी, 4 सामान्य श्रेणी और 2 जनरेटर कार शामिल हैं।





