राजस्व प्रकरणों के निराकरण में देरी बर्दाश्त नहीं : कलेक्टर प्रियंक मिश्रा

भोपाल, 27 अगस्त। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय में राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व मामलों के निराकरण में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में धारणाधिकार, राजस्व संबंधी सीएम हेल्पलाइन शिकायतें, भूमि आवंटन, अपीलीय प्रकरण, वन व्यवस्थापन और कॉलोनी सेल में दर्ज शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को तहसील कार्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने नामांतरण, बंटवारा सहित अन्य राजस्व प्रकरणों में पारित आदेशों की तामील और अभिलेखों के दुरुस्तीकरण पर भी जोर दिया। आरसीएमएस पोर्टल पर अविवादित नामांतरण, सीमांकन और अन्य प्रकरणों की अधिक संख्या लंबित होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकरण को बिना उचित कारण निरस्त नहीं किया जाए।

अवैध कॉलोनियों पर होगी कार्रवाई

कलेक्टर ने कॉलोनी सेल की शिकायतों के निराकरण के लिए नगर निगम और राजस्व विभाग के संयुक्त दल गठित कर कॉलोनियों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ विकसित अवैध कॉलोनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

बैठक में अपर कलेक्टर सुमित पांडेय, महेंद्र कवचे, प्रकाश नायक, पीसी शाक्य सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version