रहवासी क्षेत्र में अवैध निर्माण के विरोध में महिलाओं का कैंडल मार्च

भोपाल। रविशंकर शुक्ल मार्केट और 5 नंबर मार्केट के पुनर्विकास के बाद आवासीय क्षेत्र में दुकानों की स्थापना के विरोध में शिवाजी नगर रहवासी संघ ने बुधवार शाम शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला। तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाओं और रहवासियों ने पैदल मार्च कर अपनी नाराजगी जताई।
मार्च का नेतृत्व क्षेत्रीय पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान ने किया। मार्च राजीव गांधी स्कूल, माचना कॉलोनी से शुरू होकर 5 नंबर पुलिस चौकी के सामने पेट्रोल पंप तक निकाला गया। इसमें माचना कॉलोनी और 5 नंबर मार्केट के रहवासी शामिल हुए।
कांग्रेस नेता एवं प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ने से स्कूली बच्चों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। दुकानों के कारण क्षेत्र में यातायात और भीड़ बढ़ने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
युवा समाजसेवी योगेश सराठे ने आरोप लगाया कि दुकानों के खुलने के बाद क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ा है, जिससे महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। युवा नेता रवि परमार ने कहा कि व्यावसायिक गतिविधियों से शोर, भीड़ और यातायात जाम के कारण रहवासियों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
रहवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से आवासीय क्षेत्र में संचालित दुकानों को हटाकर उचित स्थान पर स्थानांतरित करने तथा अवैध निर्माण, अतिक्रमण और अवैध भू-उपयोग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
रहवासी संघ ने कहा कि कैंडल मार्च केवल विरोध नहीं, बल्कि आवासीय क्षेत्रों को अनियंत्रित व्यावसायिक गतिविधियों और अतिक्रमण से बचाने का संकल्प है। रहवासियों ने चेतावनी दी कि क्षेत्र के मूल स्वरूप को खत्म करने की किसी भी कोशिश का शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जारी रहेगा।





