रनिंग स्टाफ की समस्याओं को लेकर आज डीआरएम कार्यालय पर धरना देगा मजदूर संघ

9 घंटे की ड्यूटी सीमा, पर्याप्त विश्राम और रिक्त पद भरने समेत कई मांगें उठाएगा संघ

भोपाल। रनिंग स्टाफ की लगातार बढ़ती कार्य अवधि, पर्याप्त विश्राम की कमी, कर्मचारियों के रिक्त पद और अन्य कार्य संबंधी समस्याओं को लेकर वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ, भोपाल मंडल सोमवार को डीआरएम कार्यालय में धरना प्रदर्शन करेगा। संघ ने रेलवे प्रशासन से रनिंग कर्मचारियों की समस्याओं का तत्काल निराकरण कर सुरक्षित और मानवीय कार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

संघ की प्रमुख मांग है कि रनिंग स्टाफ की ड्यूटी अवधि को 9 घंटे तक सीमित किया जाए और 12 से 14 घंटे तक ड्यूटी लेने की व्यवस्था पर रोक लगाई जाए। इसके अलावा कर्मचारियों को पर्याप्त विश्राम देने, रनिंग रूम की व्यवस्था को समाप्त करने और 3 घंटे से अधिक PDD के मामलों की निष्पक्ष समीक्षा करने की मांग की गई है।

संघ का कहना है कि एक कर्मचारी से एक ही सेक्शन में कई गाड़ियों का कार्य नहीं कराया जाना चाहिए। रनिंग ट्रेनों में गार्ड की अनिवार्य नियुक्ति की मांग भी की गई है। इसके साथ ही तीसरी लाइन का पार्किंग सिग्नल के रूप में उपयोग बंद करने, ऑटोमेटिक सिग्नल से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान करने और PDD बचाने के लिए जीप DEP के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने की मांग रखी गई है।

125-130 घंटे कार्य कराने का विरोध

मजदूर संघ ने कर्मचारियों से एक माह में 125 से 130 घंटे तक कार्य करवाने की नीति पर रोक लगाने की मांग की है। संघ का आरोप है कि बाद में ओवरटाइम भुगतान के माध्यम से इस व्यवस्था को जारी रखा जाता है। संघ ने इसे बंद करने की मांग की है।

इसके अलावा रनिंग कर्मचारियों की लंबित वैध छुट्टियों का तत्काल निस्तारण, Private Sick व्यवस्था बंद किए जाने के प्रभाव की समीक्षा और उसे पुनः बहाल करने की मांग भी की गई है। संघ ने CCC, OR/CLI के अधिकार और क्षेत्राधिकार बहाल करने की मांग भी उठाई है।

रिक्त पद भरने की मांग

वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ ने रनिंग स्टाफ के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की है। संघ का कहना है कि कर्मचारियों की कमी के कारण मौजूदा स्टाफ पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ रहा है। अत्यधिक कार्य अवधि और पर्याप्त विश्राम नहीं मिलने से कर्मचारियों के स्वास्थ्य और मनोबल पर असर पड़ सकता है। संघ ने इसे सुरक्षित रेल संचालन की दृष्टि से भी गंभीर विषय बताया है।

संघ ने रेलवे प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध और स्थायी समाधान की अपील की है। संघ का कहना है कि रनिंग कर्मचारियों को सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां और पर्याप्त विश्राम उपलब्ध कराना सुरक्षित रेल संचालन के लिए जरूरी है।

Exit mobile version