22 कोच की विशेष ट्रेन, झांसी और ग्वालियर समेत कई स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
भोपाल। रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन-रानी कमलापति के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के संचालन से भोपाल के साथ झांसी मंडल के यात्रियों को भी अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
30 अगस्त की रात भोपाल से होगी रवाना
गाड़ी संख्या 02157 रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन विशेष ट्रेन रविवार, 30 अगस्त 2026 को रानी कमलापति स्टेशन से रात 9:20 बजे रवाना होगी। ट्रेन विदिशा, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर और मथुरा जंक्शन होते हुए सोमवार सुबह 10:30 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
ट्रेन का विदिशा में 10:20 से 10:22 बजे, बीना में रात 12:15 से 12:20 बजे, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी में सुबह 3:10 से 3:15 बजे, ग्वालियर में 5 से 5:02 बजे और मथुरा जंक्शन में 7:40 से 7:45 बजे ठहराव रहेगा।
31 अगस्त को निजामुद्दीन से वापसी
वापसी में गाड़ी संख्या 02158 हजरत निजामुद्दीन-रानी कमलापति विशेष ट्रेन सोमवार, 31 अगस्त को दोपहर 12:10 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी। यह ट्रेन मथुरा, ग्वालियर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना और विदिशा होते हुए रात 11:15 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी।
22 कोच लगाए जाएंगे
यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 एसएलआर/डी, 4 सामान्य श्रेणी, 12 स्लीपर, 3 वातानुकूलित थ्री-टियर और 1 वातानुकूलित सेकंड क्लास कोच शामिल हैं। रेलवे के इस अतिरिक्त इंतजाम से रक्षाबंधन पर बढ़ने वाले यात्रीभार को कम करने में मदद मिलेगी।
