State

रक्षाबंधन पर मध्यप्रदेश पुलिस का नागरिकों को तोहफा, 1195 गुम-चोरी मोबाइल लौटाए

ो सप्ताह में पुलिस ने प्रदेशभर में की कार्रवाई, CEIR और तकनीकी संसाधनों से मोबाइल बरामद

भोपाल, 30 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों को बड़ी सौगात दी है। पुलिस ने पिछले दो सप्ताह में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गुम और चोरी हुए 1,195 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं। मोबाइल वापस मिलने पर बड़ी संख्या में नागरिकों के चेहरों पर खुशी लौट आई।

पुलिस ने मोबाइल फोन की तलाश और बरामदगी के लिए CEIR पोर्टल, Citizen Cop एप और अन्य साइबर तकनीकों का उपयोग किया। इस अभियान के तहत अलग-अलग जिलों में पुलिस टीमों ने तकनीकी जानकारी के आधार पर मोबाइल की लोकेशन और इस्तेमाल से जुड़े इनपुट जुटाकर कार्रवाई की।

विदिशा में सबसे ज्यादा 537 मोबाइल बरामद

विदिशा पुलिस ने Mission Mobile Recovery अभियान के तहत गुम और चोरी हुए 537 मोबाइल फोन बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख 8 हजार रुपये बताई गई है। सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।

इंदौर में 352 मोबाइल लौटाए

इंदौर क्राइम ब्रांच ने CEIR पोर्टल और तकनीकी संसाधनों की मदद से 238 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई गई है। वहीं जोन-1 पुलिस ने 51 और जोन-2 पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए 63 से अधिक मोबाइल बरामद किए। इस तरह इंदौर पुलिस ने कुल 352 मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए।

अन्य जिलों में भी कार्रवाई

आगर मालवा पुलिस ने ऑपरेशन रिंगटोन 2.0 के तहत 125 गुम मोबाइल बरामद किए। इनकी कीमत करीब 24 लाख रुपये है। अशोकनगर पुलिस ने 130 गुम मोबाइल बरामद किए।

आलीराजपुर के जोबट अनुभाग में चलाए गए अभियान में 33 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये है। खरगोन पुलिस ने जैतापुर शिवडोला चल समारोह के दौरान मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 60 हजार रुपये कीमत के तीन मोबाइल बरामद किए।

जीआरपी ने भी की कार्रवाई

जीआरपी जबलपुर ने अनूपपुर जीआरपी चौकी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 10 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 14 हजार रुपये बताई गई है।

वहीं जीआरपी भोपाल ने ट्रेनों और रेलवे प्लेटफॉर्म पर चोरी करने वाले बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चोरी के पांच मोबाइल फोन बरामद किए।

मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही CEIR पोर्टल पर मोबाइल के IMEI नंबर को ब्लॉक कराएं। इससे चोरी या गुम हुए मोबाइल की ट्रेसिंग और बरामदगी में पुलिस को मदद मिल सकती है।

Related Articles