यात्रियों को राहत: नर्मदा एक्सप्रेस का वेंकटनगर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव शुरू

भोपाल। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने 18234/18233 बिलासपुर–इंदौर–बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस का दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल स्थित वेंकटनगर (VKR) स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव देने का निर्णय लिया है।
गाड़ी संख्या 18234 बिलासपुर–इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस को बिलासपुर से 2 सितंबर 2026 से वेंकटनगर स्टेशन पर ठहराव मिलेगा। ट्रेन यहां दोपहर 1:47 बजे पहुंचेगी और 1:49 बजे रवाना होगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 18233 इंदौर–बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस को इंदौर से 2 सितंबर 2026 से चलने वाली सेवा के तहत वेंकटनगर स्टेशन पर 3 सितंबर 2026 से प्रायोगिक ठहराव दिया जाएगा। यह ट्रेन वेंकटनगर स्टेशन पर सुबह 11:03 बजे पहुंचेगी और 11:05 बजे प्रस्थान करेगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से इस अतिरिक्त ठहराव का लाभ उठाने की अपील की है। साथ ही यात्रा से पहले ट्रेनों की समय-सारिणी और संचालन से जुड़ी नवीनतम जानकारी अधिकृत रेलवे स्रोतों से प्राप्त करने का अनुरोध किया है।





