मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविरों में ग्रामीणों को मिल रहा योजनाओं का लाभ

भोपाल, 25 अगस्त 2026। जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने के साथ उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

जनपद पंचायत फंदा के अंतर्गत मुबारकपुर, चंदूखेड़ी, कुराना, बिशनखेड़ी, बिलखिरिया, आदमपुर छावनी, खेजड़ादेव सहित मंगलवार को कान्हासैया, कोलुआखुर्द, नरोन्हासाकल, छावनी पठार, पठरिया साकल, इटखेड़ीछाप और कोडिया में शिविर लगाए गए।

शिविरों में ग्रामीणों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। इस दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 18, समग्र ई-केवाईसी के 112, समग्र आईडी से जुड़े 48 और आधार अपडेशन के 13 आवेदनों का ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से मौके पर ही निराकरण किया गया।

शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ देने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाए बिना अधिक से अधिक सेवाएं उनके क्षेत्र में उपलब्ध कराना है।

Exit mobile version