मानस भवन में मनाया गया विधायक भगवानदास सबनानी का जन्मदिन

हजारों लोगों ने दी शुभकामनाएं, मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर और पार्षद भी पहुंचे

भोपाल। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक और भाजपा नेता भगवानदास सबनानी का जन्मदिन 6 सितंबर को मानस भवन में उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और शहर के लोग पहुंचे। लोगों ने फूलों से स्वागत कर विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

जन्मदिन के अवसर पर विधायक सबनानी ने सुबह परिवार के साथ शहर के प्राचीन नेवरी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद संत हिरदाराम नगर स्थित संत जी की कुटिया पहुंचकर आशीर्वाद लिया। क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर सेवा कार्य किए और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नमो वन में पौधारोपण भी किया।

बोले- जनता का स्नेह मुझे ऊर्जा देता है

मानस भवन में आयोजित कार्यक्रम में भगवानदास सबनानी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का स्नेह, प्यार और विश्वास देखकर वे अभिभूत हैं। उन्होंने जन्मदिन को उत्सव की तरह मनाने और शुभकामनाएं देने वाले सभी लोगों का आभार जताते हुए कहा कि जनता का विश्वास उन्हें आगे काम करने की ऊर्जा देता है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास उनका एकमात्र लक्ष्य है और जनता के स्नेह व सम्मान के लिए वे सभी के आभारी हैं।

मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई

कार्यक्रम में मंत्री कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, सांसद रजनीश अग्रवाल, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय, शैलेंद्र शर्मा, सत्येंद्र भूषण सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यती, कैलाश मिश्रा, गोविंद गोयल और जिला बार अध्यक्ष देवेंद्र रावत सहित कई गणमान्य लोग पहुंचे।

महापौर परिषद के सदस्यों, पार्षदों, एल्डरमैन, कर्मचारी संगठनों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा रहवासी समितियों के प्रतिनिधियों ने भी भगवानदास सबनानी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version