महिलाओं की सुरक्षा और न्याय पर राज्य स्तरीय रणनीतिक संवाद आयोजित

भोपाल, 27 अगस्त। मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग के समन्वय और जन साहस संस्था के सहयोग से होटल पलाश में ‘महिलाओं की सुरक्षा एवं न्याय’ विषय पर राज्य स्तरीय रणनीतिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं और बच्चों के प्रति होने वाली हिंसा एवं अपराधों की रोकथाम सहित पीड़ित-केंद्रित व्यवस्था पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में चिकित्सकीय एवं विधिक सहायता, पुलिस और समुदाय के बीच समन्वय, विधिक सहायता, पुनर्वास तथा पुनर्समावेशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर की सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव ने कहा कि अधिकारों की जानकारी व्यक्ति के आत्मविश्वास और सशक्तिकरण का आधार है। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए विपरीत परिस्थितियों में उपलब्ध विधिक सहायता और संस्थागत तंत्र का निर्भीक होकर लाभ लेना चाहिए। उन्होंने पीड़ित-केंद्रित दृष्टिकोण के अनुरूप प्रभावी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया।

विशिष्ट अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के न्यायाधीश एवं सचिव सुनीत अग्रवाल ने कहा कि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां किसी व्यक्ति के न्याय पाने में बाधा नहीं बननी चाहिए। विधिक सेवा संस्थाओं का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति तक न्याय और विधिक सहायता पहुंचाना है।

सत्र में डीआईजी सामुदायिक पुलिसिंग डॉ. विनीत कपूर, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की संयुक्त संचालक डॉ. प्रज्ञा तिवारी, सहायक जिला अभियोजन अधिकारी डॉ. मनीषा पटेल सहित विशेषज्ञों ने विचार रखे।

Exit mobile version