शिक्षा, खेल, संगीत और कला में उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को मिलेंगे शील्ड, मेडल और प्रशस्ति-पत्र
भोपाल। महाराष्ट्रीयन कुनबी पाटिल समाज, भोपाल की ओर से समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 का आयोजन 6 सितंबर 2026 को किया जाएगा। समारोह हिंदी भवन के महादेवी हॉल, भोपाल में दोपहर 2:30 बजे से आयोजित होगा।
समारोह में कक्षा 5वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ खेल, संगीत, कला और अन्य क्षेत्रों में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। चयनित प्रतिभाओं को शील्ड, मेडल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
ये अतिथि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर और भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश संयोजक डॉ. अभिजीत देशमुख भी उपस्थित रहेंगे।
वार्षिक पुस्तिका में प्रकाशित होगा प्रतिभाओं का परिचय
समाज के अध्यक्ष के. बी. पाटिल ने बताया कि प्रतिभा सम्मान समारोह का उद्देश्य समाज के विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मान देकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं का फोटो सहित परिचय समाज की वार्षिक पुस्तिका 2026-27 में भी प्रकाशित किया जाएगा। इससे समाज की प्रतिभाओं की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर पहचान मिल सकेगी और अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।
महाराष्ट्रीयन कुनबी पाटिल समाज की ओर से समाज की प्रतिभाओं और उनके परिजनों से समारोह में शामिल होने की अपील की गई है।
