State

मल्टी-स्टेट साइबर फ्रॉड नेटवर्क पर कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

भोपाल, 7 सितंबर। मध्यप्रदेश पुलिस की इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऑपरेशन MATRIX के तहत देश के कई राज्यों में साइबर ठगी से जुड़े एक नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी म्यूल बैंक खाते और बैंकिंग OTP वाले सिम उपलब्ध कराकर साइबर ठगी में मदद करते थे।

जांच में आरोपियों से जुड़े यूको बैंक के एक खाते में 5 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है। पुलिस के मुताबिक इस खाते से संबंधित साइबर अपराध की शिकायतें देश के कई राज्यों में दर्ज हैं।

कई राज्यों की शिकायतों से जुड़ा खाता

राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी और गृह मंत्रालय के I4C, NCRP तथा साइबर क्राइम पोर्टल से प्राप्त डेटा के आधार पर संदिग्ध म्यूल बैंक खातों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान इंदौर के महू स्थित यूको बैंक शाखा के एक खाते की जांच में संदिग्ध लेन-देन सामने आया।

पुलिस के अनुसार खाते से जुड़े साइबर अपराधों की शिकायतें तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, गुजरात, उत्तराखंड, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, झारखंड, गोवा, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों से मिली हैं।

बैंक खाता और सिम उपलब्ध कराने का आरोप

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपियों में से एक ने अपना बैंक खाता म्यूल अकाउंट के रूप में उपलब्ध कराया था। इसके अलावा उसके नाम पर पंजीकृत सिम कार्ड भी दूसरे आरोपी को दिया गया था। इस सिम पर बैंकिंग OTP प्राप्त होते थे।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी इस व्यवस्था के जरिए संगठित साइबर ठगी और आर्थिक धोखाधड़ी में सहयोग कर रहे थे। क्राइम ब्रांच अब आरोपियों के संपर्क में रहे अन्य लोगों, बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और सिम कार्ड के बारे में जानकारी जुटा रही है।

मोबाइल, सिम और एटीएम कार्ड जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल फोन, 8 एक्टिव सिम कार्ड, 10 बैंक पासबुक और 11 एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। इसके अलावा उस यूको बैंक खाते की भी जांच की जा रही है, जिसमें 5 करोड़ रुपये से अधिक का संदिग्ध लेन-देन सामने आया है।

जब्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खातों से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आने वाले अन्य संदिग्ध लोगों और अंतरराज्यीय साइबर अपराध नेटवर्क के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने की सावधानी बरतने की अपील

मध्यप्रदेश पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड, OTP या बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को न दें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर संपर्क करने या राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।

Related Articles