मध्यप्रदेश में वाहन चोर गिरोहों पर पुलिस का शिकंजा, अगस्त में 124 चोरी के वाहन जब्त


अ




ंतरजिला और अंतरराज्यीय गिरोहों का खुलासा, CCTV और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से हुई कार्रवाई
भोपाल, 29 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अगस्त माह में प्रदेशभर में व्यापक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, विभिन्न जिलों में तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज, मुखबिर तंत्र और अन्य वैज्ञानिक तरीकों की मदद से करीब 124 चोरी के वाहन जब्त किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान कई अंतरजिला और अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोहों का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
खरगोन में 17 मोटरसाइकिल बरामद
खरगोन पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
विदिशा में 26 वाहन जब्त
विदिशा पुलिस ने मंडी बामोरा के पास एक आदतन वाहन चोर को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 16 मोटरसाइकिलें, जिनकी कीमत करीब 18 लाख रुपये है, बरामद की गईं। इसके अलावा गंजबासौदा शहर पुलिस ने दो और सिविल लाइन पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त कीं। जिले में कुल 26 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
इंदौर में 21 चोरी के वाहन मिले
इंदौर के तेजाजीनगर थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 10 लाख रुपये कीमत के 11 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए। राजेंद्र नगर पुलिस ने अंतरराज्यीय कार चोर गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर दो चोरी की कारें और वारदात में इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मैगनेट, कटर सहित अन्य सामान जब्त किया।
इसके अलावा लसूड़िया पुलिस ने दो मोटरसाइकिलें, खजराना पुलिस ने पांच मोटरसाइकिलें और जीआरपी इंदौर ने रेलवे स्टेशन से चोरी हुई एक स्कूटी बरामद की। इस तरह इंदौर में कुल 21 चोरी के वाहन जब्त किए गए।
अन्य जिलों में भी कार्रवाई
रतलाम में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मध्यप्रदेश और राजस्थान से चोरी की गई 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। मंदसौर में कुल 7 वाहन, उज्जैन में 7 मोटरसाइकिलें और खंडवा में 5 वाहन जब्त किए गए।
आगर मालवा में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पांच मोटरसाइकिलें और दो चेसिस बरामद किए गए। शाजापुर में चार आरोपियों से चार मोटरसाइकिलें, जबकि राजगढ़ में एक आरोपी की निशानदेही पर चार मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।
टीकमगढ़ में कुण्डेश्वर मंदिर परिसर की पार्किंग से चोरी हुई तीन मोटरसाइकिलों के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कटनी में तीन चोरी के वाहन बरामद किए गए। झाबुआ में चार आरोपियों से तीन मोटरसाइकिलें सहित करीब 4.35 लाख रुपये की संपत्ति बरामद हुई।
दतिया, सीहोर और बैतूल में भी पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
900 किलोमीटर पीछा कर डंपर चोर गिरोह पकड़ा
सागर जिले में आगासौद और मंडी बामोरा पुलिस ने करीब 900 किलोमीटर तक पीछा कर अंतरराज्यीय डंपर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने चोरी का एक डंपर और एक ट्रैक्टर बरामद किया।
भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में चोरी की गई दो महिंद्रा स्कॉर्पियो बरामद की गईं। देवास के बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत CCTV कैमरों की मदद से महज 12 घंटे में चोरी गया ट्रक बरामद किया। भिंड पुलिस ने भी चोरी की वैगन-आर कार जब्त की।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुल रहे मामले
मध्यप्रदेश पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी के मामलों में CCTV फुटेज, GPS, ई-रक्षक ऐप, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र का प्रभावी इस्तेमाल किया जा रहा है। इन संसाधनों की मदद से पुलिस चोरी के वाहनों की तलाश और आरोपियों की पहचान कर रही है।
पुलिस की लगातार कार्रवाई से वाहन चोर गिरोहों पर दबाव बढ़ा है। अंतरजिला और अंतरराज्यीय गिरोहों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है।





