भोपाल, 25 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रदेशभर में अभियान तेज कर दिया है। पिछले 10 दिनों में विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाई में अवैध शराब, परिवहन में इस्तेमाल वाहनों और अन्य सामग्री सहित 1 करोड़ 23 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई। कई आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
सीहोर में गुप्त कंपार्टमेंट से मिली 325 पेटी शराब
सीहोर कोतवाली पुलिस ने बिलकिसगंज-झागरिया रोड पर बरखेड़ी के पास घेराबंदी कर भोपाल से गुजरात ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब से भरे ट्रक को पकड़ा। तलाशी में 325 पेटी अंग्रेजी शराब मिली। शराब को ट्रक की बॉडी में बनाए गए गुप्त कंपार्टमेंट में छिपाकर रखा गया था। ट्रक सहित करीब 41 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
शाहगंज पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में 72 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की, जिसकी कीमत करीब 44 हजार रुपये है। दोनों मामलों में कुल करीब 41.44 लाख रुपये की संपत्ति जब्त हुई।
टीकमगढ़ और नीमच में भी बड़ी जब्ती
टीकमगढ़ के बड़ागांव में पुलिस ने आयशर ट्रक से 281 पेटी देशी शराब बरामद की। ट्रक सहित करीब 28.75 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
नीमच के नयागांव पुलिस चौकी क्षेत्र में टाटा ट्रक से 335 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कार्रवाई में करीब 20.10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
अन्य जिलों में भी कार्रवाई
आलीराजपुर के सोरवा में 306 पेटी शराब, करीब 10.97 लाख रुपये कीमत की जब्त की गई। उज्जैन में दो कार्रवाइयों में 405 बल्क लीटर अवैध शराब और स्कॉर्पियो सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त हुई।
कटनी के बिलहरी में अर्टिगा कार से 20 पेटी देशी शराब बरामद कर वाहन सहित करीब 7.98 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। विदिशा में एक मकान से 87 लीटर अंग्रेजी शराब और दो डीप फ्रीजर जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है।
पन्ना में दो आरोपियों से 93 लीटर 930 मिलीलीटर अवैध अंग्रेजी और देशी शराब सहित करीब एक लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। वहीं भिंड में शराब की डिलीवरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर 54 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। यहां करीब 1.10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
मध्यप्रदेश पुलिस के अनुसार अवैध शराब के नेटवर्क, तस्करी, निर्माण और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
