मध्यप्रदेश पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, तीन वरिष्ठ IPS अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार

भोपाल। मध्यप्रदेश शासन ने वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव करते हुए अतिरिक्त प्रभार सौंपे हैं। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक अस्थाई रूप से प्रभावी रहेगी।
चंचल शेखर को खेल एवं युवक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी
1995 बैच के IPS अधिकारी चंचल शेखर, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, विशेष सशस्त्र बल (विशेष पुलिस बल) एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, एसआईएसएफ, पुलिस मुख्यालय भोपाल को अस्थाई रूप से संचालक, खेल एवं युवक कल्याण, मध्यप्रदेश के पद पर पदस्थ किया गया है। इस पद का प्रभार संभालने के लिए उनकी सेवाएं खेल एवं युवक कल्याण विभाग को सौंपी गई हैं।
वहीं, 1998 बैच के IPS अधिकारी अंशुमन यादव को संचालक, खेल एवं युवक कल्याण के पद से मुक्त करते हुए उनकी सेवाएं खेल एवं युवक कल्याण विभाग से वापस ली गई हैं। उन्हें अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, गुप्तवार्ता एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, साइबर, पुलिस मुख्यालय भोपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
अनिल कुमार को अजाक का अतिरिक्त प्रभार
1993 बैच के IPS अधिकारी अनिल कुमार, विशेष पुलिस महानिदेशक, महिला सुरक्षा, पुलिस मुख्यालय भोपाल को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ विशेष पुलिस महानिदेशक, अजाक, पुलिस मुख्यालय भोपाल के पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
डी. श्रीनिवास वर्मा को विसबल और एसआईएसएफ का प्रभार
1997 बैच के IPS अधिकारी डी. श्रीनिवास वर्मा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, नारकोटिक्स एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, एसटीएफ, पुलिस मुख्यालय भोपाल के अतिरिक्त प्रभार में हैं। उन्हें उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, विशेष सशस्त्र बल एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, एसआईएसएफ, पुलिस मुख्यालय भोपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
शासन के आदेश के अनुसार सभी नई व्यवस्थाएं अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी।





