अगस्त में 104 प्रकरण दर्ज, यात्रियों से वसूला गया 35,800 रुपये जुर्माना
भोपाल। भोपाल रेलवे स्टेशन को स्वच्छ और यात्रियों के लिए बेहतर बनाने के उद्देश्य से भोपाल मंडल द्वारा लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए स्टेशन परिसर में नियमित उद्घोषणाओं के माध्यम से कचरा नहीं फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की जा रही है।
रेल प्रशासन यात्रियों से स्टेशन और ट्रेनों में कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने तथा निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करने की अपील कर रहा है। जागरूकता अभियान के साथ स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जन विश्वास अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई भी की जा रही है।
104 प्रकरणों में 35,800 रुपये जुर्माना
अगस्त 2026 में भोपाल रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के 104 प्रकरण दर्ज किए गए। इन मामलों में कुल 35,800 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। रेल प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना विकसित करना है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने कहा कि स्वच्छ रेलवे स्टेशन केवल रेल प्रशासन के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए यात्रियों का सहयोग और सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि भोपाल मंडल द्वारा स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए जागरूकता गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
