भोपाल सीलिंग मामला : आज बैरागढ़ के चंचल रोड से हुई शुरुआत; कई इलाकों में सीलबंदी

भोपाल में अवैध कमर्शियल गतिविधियों पर कार्रवाई, 6 विधानसभा क्षेत्रों में सीलिंग अभियान जारी
सुबह 9 बजे से शुरू हुई नगर निगम की कार्रवाई,



भोपाल। राजधानी भोपाल में आवासीय क्षेत्रों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई मंगलवार सुबह 9 बजे से शुरू हो गई। शहर के 6 विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। अभियान की शुरुआत बैरागढ़ क्षेत्र के चंचल रोड से हुई, जहां कार्रवाई के बाद अन्य स्थानों पर भी टीमों ने मोर्चा संभाल लिया।
नगर निगम की टीमें उत्तर, नरेला, दक्षिण-पश्चिम, मध्य, गोविंदपुरा और हुजूर विधानसभा क्षेत्रों में चिन्हित स्थानों पर कार्रवाई कर रही हैं। कार्रवाई का उद्देश्य आवासीय क्षेत्रों में नियमों के विपरीत संचालित व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगाना है।
इन इलाकों में चल रही कार्रवाई
उत्तर विधानसभा क्षेत्र-150: कोहेफिजा, सिंधी कॉलोनी और कबाड़खाना क्षेत्र में कार्रवाई की जा रही है।
नरेला विधानसभा क्षेत्र-151: जे के रोड शटडाउन, दुर्गेष विहार शटडाउनकरोंद और सुभाष नगर क्षेत्र में नगर निगम की टीम पहुंची है।
दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र-152: न्यू एमपी एमएलए कॉलोनी में कार्रवाई जारी है।
मध्य विधानसभा क्षेत्र-153: जहांगीराबाद शादी हॉल और कर्बला रोड क्षेत्र में सीलबंदी की जा रही है। शाहजहानाबाद क्षेत्र के इकबाल मैदान और करोड़ क्षेत्र के जेल रोड इलाके में भी कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।
गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र-154: बागमुगलिया, अमराई, सहयोग विहार, रघुनाथ नगर, रोहित नगर और ज्योति नगर में कार्रवाई चल रही है।
हुजूर विधानसभा क्षेत्र-155: चंचल नगर, सीहोर नाका, गांधी नगर और सीटीओ क्षेत्र कार्रवाई के लिए चिन्हित किए गए हैं। बैरागढ़ के चंचल रोड से भी अभियान की शुरुआत हुई।
आवासीय क्षेत्रों में कमर्शियल गतिविधियों पर सख्ती
भोपाल में आवासीय क्षेत्रों में नियमों के विपरीत चल रही व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर नगर निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी अभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में प्रतिष्ठानों की जांच और सीलबंदी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की इस कार्रवाई से शहर में अवैध कमर्शियल गतिविधियां संचालित करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। आने वाले दिनों में भी चिन्हित क्षेत्रों में कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।





