State

भोपाल समेत MP में बारिश का अलर्ट, 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

भोपाल। राजधानी भोपाल में बुधवार को दिनभर घने बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। बैतूल, हरदा, रायसेन, विदिशा और राजगढ़ के कई इलाकों में वर्षा के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान नर्मदापुरम, रीवा, जबलपुर, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। पूर्वी मध्यप्रदेश के निचले इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है।

पन्ना-दमोह समेत 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने पन्ना, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं-कहीं अति भारी बारिश के साथ झोंकेदार तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, बुरहानपुर और खंडवा समेत आसपास के इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

श्योपुर सबसे गर्म, धार सबसे ठंडा

प्रदेश में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस श्योपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस धार में रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Related Articles