State

भोपाल में 5 हजार से ज्यादा व्यापारियों का प्रदर्शन, बैरिकेडिंग पार कर रोशनपुरा पहुंचे, CM से मिलने की मांग

सीलिंग कार्रवाई के विरोध में चार घंटे चला आंदोलन, प्रशासन ने शाम तक समाधान का रास्ता निकालने का दिया भरोसा

भोपाल, 1 सितंबर। नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को राजधानी भोपाल में व्यापारियों का बड़ा आंदोलन हुआ। भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष गोविंद गोयल और भोपाल व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष आनंद सोनी के नेतृत्व में विभिन्न व्यापारिक संगठनों से जुड़े 5 हजार से अधिक व्यापारियों ने नानके पेट्रोल पंप से मुख्यमंत्री निवास की ओर पैदल मार्च किया।

व्यापारी अपने साथ थाली, चम्मच, गिलास और कटोरी लेकर पहुंचे और उन्हें बजाकर शासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया।

बैरिकेडिंग पार कर रोशनपुरा पहुंचे व्यापारी

सुबह करीब 10:30 बजे नानके पेट्रोल पंप से शुरू हुआ पैदल मार्च टॉप एंड टाउन और न्यू मार्केट के पास पहुंचा। यहां पुलिस ने व्यापारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। इस दौरान व्यापारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक की स्थिति बनी।

व्यापारियों ने बैरिकेडिंग का विरोध किया और उसे पार करते हुए आगे बढ़ गए। कुछ व्यापारी रोशनपुरा चौराहे तक पहुंच गए, जबकि पुलिस ने दोबारा बैरिकेडिंग कर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

इसके बाद गोविंद गोयल के नेतृत्व में व्यापारी अलग-अलग रास्तों से होते हुए रोशनपुरा चौराहे पर पहुंचे।

CM या कलेक्टर से मिलने की मांग

आंदोलन के दौरान गोविंद गोयल ने कहा कि व्यापारी मुख्यमंत्री या कलेक्टर से सीधे मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखना चाहते हैं। उनका कहना था कि जब तक शासन के शीर्ष स्तर से समाधान का ठोस आश्वासन नहीं मिलता, आंदोलन खत्म नहीं किया जाएगा।

दोपहर करीब 2 बजे जिला प्रशासन की ओर से एडीएम सहित अन्य अधिकारी व्यापारियों से बातचीत करने पहुंचे। अधिकारियों ने व्यापारियों से संवाद का आग्रह किया, लेकिन व्यापारी मुख्यमंत्री या कलेक्टर से मुलाकात की मांग पर अड़े रहे।

चार घंटे बाद प्रशासन से हुई बातचीत

करीब चार घंटे चले आंदोलन के बाद दोपहर 3 बजे एडीएम ने गोविंद गोयल से मुलाकात की। व्यापारियों की ओर से ज्ञापन सौंपकर सीलिंग कार्रवाई से जुड़ी अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखी गईं।

प्रशासन की ओर से भरोसा दिया गया कि 1 सितंबर की शाम तक समस्या के समाधान के लिए कोई रास्ता निकालने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद व्यापारियों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।

सीलिंग रोकने और मास्टर प्लान लागू करने की मांग

व्यापारियों की प्रमुख मांग है कि नगर निगम की ओर से की जा रही सीलिंग कार्रवाई तत्काल रोकी जाए और भोपाल का नया मास्टर प्लान जल्द लागू किया जाए। व्यापारियों का कहना है कि मास्टर प्लान लागू होने से शहर में व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर स्पष्टता आएगी और व्यापारियों को नियमों के अनुरूप व्यवसाय संचालित करने का स्थायी समाधान मिल सकेगा।

गोविंद गोयल बोले- व्यापारियों की आजीविका का सवाल

भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष गोविंद गोयल ने कहा कि मंगलवार का आंदोलन भोपाल के व्यापारियों की एकजुटता का संदेश है। उन्होंने कहा कि सीलिंग कार्रवाई के कारण व्यापारियों के सामने वर्षों से संचालित व्यवसाय और आजीविका को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है।

उन्होंने नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई तत्काल रोकने और भोपाल के लिए नया मास्टर प्लान जल्द लागू करने की मांग दोहराई। गोयल ने कहा कि यदि शासन व्यापारियों की मांगों का शीघ्र और स्थायी समाधान नहीं करता है तो व्यापारिक संगठन आगे की रणनीति तय करेंगे।

Related Articles