State

भोपाल में 10.83 ग्राम एमडी के साथ ड्रग तस्कर गिरफ्तार

वडोदरा से 2 हजार रुपए ग्राम में लाकर 10 हजार रुपए तक में बेचता था, क्लब-बार में युवाओं से बनाता था पहचान

भोपाल। अयोध्यानगर थाना पुलिस ने ड्रग तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10.83 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संदीप सिंह (40) निवासी करनाल, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी वडोदरा, गुजरात से एमडी लाकर भोपाल में इसकी सप्लाई करता था। उसके कब्जे से एमडी ड्रग्स के अलावा मोबाइल और स्कूटी भी जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई गई है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘नशे से दूरी, है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान और पुलिस उपायुक्त जोन-02 विकास सहवाल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मिनी शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त एमपी नगर संभाग दिव्या झारिया के मार्गदर्शन में अयोध्यानगर थाना प्रभारी निरीक्षक महेश लिल्हारे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

दशहरा मैदान से पकड़ा

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दशहरा मैदान, अयोध्यानगर में एक व्यक्ति एमडी ड्रग्स लेकर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदीप सिंह को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 10 ग्राम 83 मिलीग्राम एमडी ड्रग्स मिली। इसके साथ एक मोबाइल फोन और स्कूटी क्रमांक MP04YN3185 भी जब्त की गई।

क्लब और बार में बनाता था पहचान

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2021 से 2025 के बीच दुबई से वडोदरा आया था और वहां ट्रांसपोर्ट का काम करता था। वर्ष 2025 में वह भोपाल आया और बावड़िया कलां स्थित महिंद्रा टाउनशिप में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने लगा।

पुलिस के मुताबिक क्लब और बार में जाने के शौक के कारण उसकी कुछ युवक-युवतियों से पहचान हुई। इनमें कुछ लोग ड्रग्स का सेवन करते थे। इसके बाद आरोपी ने वडोदरा से एमडी लाकर भोपाल में सप्लाई करना शुरू कर दिया।

2 हजार में खरीदकर 10 हजार तक में बेचता था

पुलिस के अनुसार आरोपी वडोदरा से करीब 2 हजार रुपए प्रति ग्राम की दर से एमडी खरीदता था और भोपाल में इसे 10 हजार रुपए प्रति ग्राम तक में बेचता था। वह बड़े क्लबों में युवाओं को महंगे दाम पर ड्रग्स उपलब्ध कराकर मुनाफा कमाता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी बावड़िया कलां, मिनाल रेसीडेंसी, इंद्रपुरी और शहर के अन्य हिस्सों में भी युवक-युवतियों को ड्रग्स सप्लाई करता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने करीब एक माह पहले बावड़िया कलां का किराये का फ्लैट छोड़कर अयोध्यानगर के जी सेक्टर में मकान लिया था। पुलिस को आशंका है कि उसने अपना ठिकाना बदलकर कार्रवाई से बचने की कोशिश की।

नेटवर्क की जानकारी जुटा रही पुलिस

पुलिस आरोपी से एमडी की खरीदी-बिक्री और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। दूसरे राज्यों में भी उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी के खिलाफ अयोध्यानगर थाने में अपराध क्रमांक 442/26, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी संदीप सिंह 12वीं पास है और उसका व्यवसाय प्रॉपर्टी डीलिंग बताया गया है। पुलिस के अनुसार उसके स्थायी पते के अलावा वडोदरा और भोपाल में भी उसके पते सामने आए हैं।

कार्रवाई में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे सहित उप निरीक्षक सुशील देशमुख, विजय सिंह, सुरेखा अर्मा, प्रधान आरक्षक अतुल सिंह, अमित व्यास, बृजेश सिंह, रूपेश जादौन समेत पुलिस टीम और साइबर सेल के आरक्षक भूपेंद्र उईके की भूमिका रही।

Related Articles