State

भोपाल में सड़कों के गड्ढों को दी श्रद्धांजलि, लोगों ने जताया विरोध

मंत्रोच्चार के साथ फूल-अगरबत्ती चढ़ाई, बोले- बारिश में जानलेवा बन रहे गड्ढे

भोपाल। राजधानी की जर्जर सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों से परेशान नागरिकों ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। शहर में सड़क के गड्ढों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान मंत्रोच्चार कर फूल और अगरबत्ती चढ़ाई गई। आयोजन के जरिए लोगों ने जिम्मेदार विभागों का ध्यान सड़कों की खराब स्थिति की ओर आकर्षित किया।

शहर के करदाता उमाशंकर तिवारी ने कहा कि भोपाल की अधिकांश सड़कों पर गड्ढे हो चुके हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते और वाहन चालक हादसे का शिकार हो जाते हैं। कई लोग घायल हो चुके हैं और गंभीर मामलों में हड्डियों में चोट तक आती है।

उन्होंने कहा कि नए बने अंबेडकर सेतु में भी गड्ढे हो गए हैं। अयोध्या बायपास पर चल रहे निर्माण कार्यों के आसपास की सड़कें भी प्रभावित हैं। मेट्रो निर्माण के कारण जुबली गेट से रत्नागिरी, न्यू मार्केट से जवाहर चौक और पुराने भोपाल की कई सड़कों की स्थिति खराब होने का दावा भी किया गया।

तीन साल में बनी सड़कों की जांच की मांग

उमाशंकर तिवारी ने आरोप लगाया कि सड़कों के जल्दी खराब होने के पीछे निर्माण कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार भी एक कारण हो सकता है। उन्होंने पिछले तीन साल में बनी सड़कों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि सड़क के गड्ढों से वाहन चालकों को परेशानी के साथ वाहनों में टूट-फूट भी होती है और ईंधन की खपत बढ़ती है। बारिश में गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। उन्होंने जिम्मेदार विभागों से सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।

कार्यक्रम में लोगों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट और प्रदेश सरकार की ओर से सड़कों को गड्ढामुक्त रखने के निर्देश और बयान दिए जाते रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। गड्ढों को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम इसी समस्या के प्रति सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से किया गया।

कार्यक्रम में रमाशंकर मिश्रा, मधुर शुक्ला, राजेश सिंह, सच्चिदानंद शुक्ला, जमुना यादव, आरके यादव, दिनेश तिवारी, रविशंकर मालवीय, महेश अतुलकर, संजय सिंह, गोविंद सोनगरा, वीजी शुक्ला, दीपक सिंह सहित आसपास के लोग मौजूद रहे।

Related Articles