भोपाल में नशे के खिलाफ क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 14.337 किलो गांजा और 4.3 किलो डोडाचूरा जब्त

भोपाल, 28 अगस्त। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भोपाल क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 14.337 किलोग्राम गांजा और 4.300 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया है। जब्त मादक पदार्थ और अन्य सामान की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान आरोपियों से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल सामग्री भी जब्त की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में NDPS एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
नारियलखेड़ा में 7.710 किलो गांजा बरामद
मुखबिर की सूचना पर LIG पुलिया, नारियलखेड़ा के पास घेराबंदी कर राहुल सिलावट (21) और राहुल अहिरवार (23) को पकड़ा गया। तलाशी में राहुल सिलावट से 3.460 किलो और राहुल अहिरवार से 4.250 किलो गांजा बरामद हुआ। कुल 7.710 किलो गांजे की कीमत करीब 1.15 लाख रुपये बताई गई है।
भानपुर में गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार
पीपुल्स अस्पताल के पास भानपुर पुलिया क्षेत्र में पुलिस ने सीताराम कुशवाह (33) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1.167 किलो गांजा और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन मिला। पुलिस आरोपी से गांजे की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
बैरागढ़ में डोडाचूरा पकड़ा
CTO रोड, बैरागढ़ स्थित अमरेश कंस्ट्रक्शन के सामने कार्रवाई में पुलिस ने हरेन्द्र प्रकाश उर्फ संदीप (20), निवासी जोधपुर, राजस्थान को गिरफ्तार किया। उसके पास से 3.400 किलो डोडाचूरा, एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल और 200 रुपये नकद जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ धारा 8/15 NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार अन्य आरोपियों रंजीत अहिरवार और प्रदीप अहिरवार को भी NDPS एक्ट के प्रकरणों में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की सप्लाई के मुख्य स्रोत, नेटवर्क और अन्य सहयोगियों का पता लगाने में जुटी है।
2026 में 100 तस्करों पर कार्रवाई का दावा
भोपाल पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 15 महिला और 85 अन्य तस्करों सहित कुल 100 आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि ‘नशे से दूरी’ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है। सूचना के लिए 7049100785, नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 और मानस हेल्पलाइन 1933 पर संपर्क किया जा सकता है।





