भोपाल में नशा तस्करों पर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 6 गिरफ्तार; 14.337 किलो गांजा और 4.3 किलो डोडाचूरा जब्त

भोपाल, 29 अगस्त। भोपाल क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 14.337 किलोग्राम गांजा और 4.300 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ और अन्य सामान की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन समेत तस्करी में इस्तेमाल सामग्री भी जब्त की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ क्राइम ब्रांच और गौतम नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
LIG पुलिया के पास 7.710 किलो गांजा बरामद
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि नारियलखेड़ा स्थित LIG पुलिया के पास दो युवक गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर राहुल सिलावट (21) और राहुल अहिरवार (23) को पकड़ लिया।
तलाशी में राहुल सिलावट के पास से 3.460 किलो और राहुल अहिरवार के पास से 4.250 किलो गांजा बरामद हुआ। दोनों के कब्जे से कुल 7.710 किलो गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.15 लाख रुपये बताई गई है। दोनों रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज क्षेत्र के रहने वाले हैं।
भानपुर पुलिया से भी गांजा जब्त
दूसरी कार्रवाई में पीपुल्स अस्पताल के पास भानपुर पुलिया से सीताराम कुशवाह (33) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास मौजूद थैले की तलाशी लेने पर 1 किलो 167 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक सीताराम से गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य स्रोत और उसके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
बैरागढ़ में 3.4 किलो डोडाचूरा पकड़ा
क्राइम ब्रांच ने बैरागढ़ के CTO रोड स्थित अमरेश कंस्ट्रक्शन के सामने कार्रवाई कर हरेन्द्र प्रकाश उर्फ संदीप (20) को पकड़ा। आरोपी मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है और वर्तमान में भोपाल में रह रहा था।
तलाशी के दौरान उसके गुलाबी थैले और सफेद प्लास्टिक की बोरी से 3 किलो 400 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। इसके अलावा एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल और 200 रुपये नकद जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत कार्रवाई की गई।
दो मामलों में रंजीत और प्रदीप भी गिरफ्तार
पुलिस की जानकारी के अनुसार रंजीत अहिरवार (25) और प्रदीप अहिरवार (24) को भी गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। दोनों विदिशा जिले के कुरवाई थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ क्राइम ब्रांच में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है।
नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
क्राइम ब्रांच अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले मुख्य स्रोत, तस्करी नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार आरोपियों की भी तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक 15 महिलाओं सहित 85 मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। भोपाल पुलिस का ‘नशे से दूरी’ अभियान लगातार जारी है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए क्राइम ब्रांच हेल्पलाइन 7049100785, नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 और मानस हेल्पलाइन 1933 पर सूचना दी जा सकती है।





