अवैध चबूतरे, झुग्गियां और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया; कई वाहन भी हटवाए
भोपाल, 7 सितंबर 2026। नगर निगम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण और सड़क-फुटपाथ पर किए गए कब्जे हटाए। कार्रवाई के दौरान 2 ट्रक अवैध बोर्ड/होर्डिंग, 3 ठेले, फोल्डिंग टेबल, कुर्सियां और पन्नियां सहित अन्य सामान जब्त किया गया।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दल ने सोमवार को सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से मिली शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की। टीम ने सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर आवागमन में बाधा बन रहे अतिक्रमण भी हटाए।
चबूतरे और झुग्गियां हटाईं
जहांगीराबाद स्थित एक्सटॉल कॉलेज के पास बनाई गई अस्थायी ईंट की दीवार हटाई गई। बावड़िया कलां में पुल के नीचे बांस-बल्ली से बनाई गई 12 झुग्गियां हटाई गईं। कोलार-सेमरी जोड़ क्षेत्र में पान की दुकान का अवैध छप्पर भी हटाया गया।
जानकी अपार्टमेंट के सामने नाली पर बनाए गए चबूतरे और विश्वकर्मा नगर में चार घरों के सामने बने अवैध चबूतरों को भी हटाया गया।
सड़क से वाहन और दुकानें हटाईं
निगम की टीम ने रंभा टॉकीज और अवधपुरी क्षेत्र में सड़क पर आवागमन में बाधा बन रहे दो चार पहिया वाहन और एक लोडिंग ऑटो हटवाया। रचना टॉवर के सामने सड़क किनारे लगी आइसक्रीम गाड़ी और बर्तन की दुकान भी हटाई गई।
इसके अलावा शहर के कई इलाकों में सड़क और फुटपाथ पर लगे ठेले, पान पार्लर, गुमठी, काउंटर, गन्ने की चरखी, बोर्ड, कटआउट और सब्जी की दुकानों को हटाया गया। दुकानों के बाहर रखा सामान भी हटवाया गया।
इन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
नगर निगम के अनुसार, कोलार, सेमरी जोड़, आलोक धाम, ललिता नगर, बंजारी चौराहा, सीआई चौराहा, कोलार तिराहा, लिंक रोड नंबर-2 और 3, माता मंदिर, टीटी नगर, रंगमहल, रोशनपुरा, रेतघाट, रविंद्र भवन, बोट क्लब, जहांगीराबाद, रचना टावर, जाटखेड़ी, बावड़िया कलां, होशंगाबाद रोड, प्रभात चौराहा, मंडी चौराहा, अशोका गार्डन, पुष्पा नगर, रायसेन रोड, अवधपुरी, भानपुर, करोंद, निशातपुरा, सिंधी कॉलोनी, कबाड़खाना, भोपाल टॉकीज, डीआईजी बंगला, हमीदिया अस्पताल और लालघाटी सहित कई क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाया गया।
निगम ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों और आवागमन में बाधा बनने वाले अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
