भोपाल में तीसरे दिन भी सीलिंग कार्रवाई, निगम जुटा रहा तीन दिन का रिकॉर्ड; 2 सितंबर को 20 प्रतिष्ठान बंद

आवासीय कॉलोनियों में व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई जारी, जोनवार नोटिस-सीलिंग और पंचनामों का तैयार हो रहा ब्यौरा; विरोध और शहर बंद की चेतावनी की जानकारी भी रिकॉर्ड में होगी

भोपाल, 2 सितंबर। राजधानी भोपाल की आवासीय कॉलोनियों में संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रही। निगम की टीम ने रचना नगर, गौतम नगर, अरेरा कॉलोनी-शाहपुरा, सिंधी कॉलोनी, अमराई और दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कुल 20 प्रतिष्ठान बंद कराए। इसके साथ ही अब तक बंद कराए गए प्रतिष्ठानों की संख्या 190 हो गई है।

एक ओर नगर निगम की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर निगम का बड़ा फोकस पिछले तीन दिनों की कार्रवाई का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार करने पर है। इसमें जोनवार यह जानकारी जुटाई जा रही है कि कितने नए नोटिस जारी किए गए, कितने प्रतिष्ठानों को सील किया गया, कितने लोगों ने स्वयं व्यावसायिक गतिविधियां बंद कीं और कितने मामलों में निगम की टीम को मौके पर जाकर कार्रवाई करनी पड़ी।

कुछ प्रतिष्ठान बंद तो कुछ में गतिविधियां जारी

कार्रवाई के बावजूद कुछ स्थानों पर व्यावसायिक गतिविधियां जारी रहने की बात भी सामने आई है। निगम अधिकारियों के अनुसार जिन प्रतिष्ठानों को संचालकों ने स्वयं बंद किया है, उनमें से सभी पर निगम की ओर से सीलिंग नहीं की गई है। ऐसे में कुछ स्थानों पर प्रतिष्ठान बाहर से बंद दिखाई देने के बावजूद अंदर से कारोबार संचालित किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

अरेरा कॉलोनी में गणेश मंदिर के सामने एक रेस्टोरेंट को बाहर से ग्रीन नेट से ढका गया था, जबकि अंदर गतिविधियां जारी होने की जानकारी सामने आई। इसके अलावा समीर मोबाइल, विराट डिजिटल हब सहित कुछ अन्य प्रतिष्ठान भी खुले दिखाई दिए।

दिल्ली और शासन को भेजे जाने के लिए तैयार हो रहा रिकॉर्ड

नगर निगम द्वारा जुलाई से अब तक की कार्रवाई का दस्तावेजी रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इसमें नोटिस, सीलिंग की कार्रवाई, स्वयं प्रतिष्ठान बंद करने के मामले, मौके पर तैयार पंचनामे, फोटो और अन्य संबंधित दस्तावेजों को एकत्रित किया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार कार्रवाई का यह विस्तृत डाटा वरिष्ठ अधिकारियों और शासन स्तर पर भेजा जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में की जा रही कार्रवाई से संबंधित रिकॉर्ड उच्च स्तर पर उपयोगी हो सकता है। हालांकि, निगम की ओर से अभी आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि अधिकारी स्वयं दिल्ली जाकर सुप्रीम कोर्ट में यह रिकॉर्ड प्रस्तुत करेंगे।

व्यापारियों के विरोध का ब्यौरा भी होगा शामिल

आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों का विरोध भी सामने आया है। कई स्थानों पर प्रदर्शन हुए हैं और व्यापारियों की ओर से शहर बंद का आह्वान किए जाने की बात भी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि निगम द्वारा तैयार किए जा रहे रिकॉर्ड में केवल कार्रवाई का आंकड़ा ही नहीं, बल्कि विरोध-प्रदर्शन और कार्रवाई के दौरान सामने आए विवादों की जानकारी भी दर्ज की जा रही है।

2 सितंबर को इन क्षेत्रों में कार्रवाई

नगर निगम के अनुसार 2 सितंबर को अलग-अलग क्षेत्रों में कुल 20 प्रतिष्ठान बंद कराए गए।

– रचना नगर/गौतम नगर: 5 प्रतिष्ठान
– अरेरा कॉलोनी/शाहपुरा: 5 प्रतिष्ठान
– सिंधी कॉलोनी: 2 प्रतिष्ठान
– अमराई: 6 प्रतिष्ठान
– दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र: 2 प्रतिष्ठान

2 सितंबर तक बंद प्रतिष्ठान: 20
अब तक कुल बंद प्रतिष्ठान: 190

जोनवार तैयार हो रहा पूरा डाटा

नगर निगम की भवन अनुज्ञा शाखा में जुलाई से अब तक हुई कार्रवाई का भी विस्तृत ब्यौरा तैयार किया जा रहा है। इसमें जोनवार नोटिस, सीलिंग, स्वयं प्रतिष्ठान बंद करने के मामले और मौके पर तैयार किए गए पंचनामे शामिल हैं। कार्रवाई से संबंधित फोटो और अन्य दस्तावेजों को भी एकत्रित किया जा रहा है। यह पूरी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भेजे जाने की तैयारी है।

Exit mobile version